मुर्शिदाबाद : लालगोला पुलिस की कार्रवाई से बॉर्डर पर ड्रग्स की तस्करी करने वाले रैकेट का भंडाफोड़ हुआ है। मंगलवार देर रात लालगोला थाने की पुलिस ने श्रीमंतपुर चंचनी मोड़ से सटे इलाके में छापेमारी कर एक हेरोइन तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार शख्स का नाम आसिम शेख है। उसका घर लालगोला थाने के पठानपाड़ा में है। उसके पास से एक किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई है। जब्त की गई हेरोइन की इंटरनेशनल मार्केट में कीमत करीब 1 करोड़ रुपये है। बुधवार को गिरफ्तार शख्स को आठ दिन की पुलिस कस्टडी की अर्जी पर बहरमपुर की स्पेशल ड्रग कोर्ट में पेश किया गया। मुर्शिदाबाद जिला पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में पता चला कि गिरफ्तार युवक लंबे समय से ड्रग्स की तस्करी में शामिल था। वह देर रात किसी को ड्रग्स देने के लिए बॉर्डर की ओर जा रहा था। हालांकि, उससे पहले ही उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में ड्रग्स की तस्करी में शामिल कई और लोगों के नाम सामने आए। लालगोला पुलिस ने बताया कि सूत्रों से पहले से जानकारी मिली थी कि मंगलवार रात श्रीमंतपुर के चाचनी पाड़ा इलाके से बॉर्डर की तरफ बड़ी मात्रा में ड्रग्स की तस्करी की जाएगी। जानकारी के मुताबिक, शाम से ही इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई थी। रात करीब 1 बजे एक युवक बॉर्डर की तरफ जाता दिखा तो उस पर शक हुआ। उसे रोककर पूछताछ की गई तो उसकी बोली में गड़बड़ी मिली। इसके बाद तलाशी शुरू करने पर उसके पास मौजूद बैग से एक किलोग्राम हेरोइन जब्त की गई।