आसनसोल

STF ने अंडाल इलाके से हथियारों का जखीरा बरामद किया

15 हथियार एवं 56 जिंदा कारतूस जब्त

अंडाल : राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कोयलांचल में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए अंडाल के परासकोल-जामबाद स्थित ईसीएल के एक क्वार्टर से हथियारों का बड़ा जखीरा बरामद किया है। मौके से 15 फायर आर्म्स और विभिन्न बोर के 56 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। बरामद हथियारों में तीन देशी पाइपगन, चार 9 एमएम पिस्तौल, सात .32-बोर पिस्तौल, एक .38 रिवॉल्वर और 56 (विभिन्न बोर के) जिंदा कारतूस शामिल हैं।

ऐसे खुला राज : कड़ियों से जुड़ता गया नेटवर्क

पिछले महीने एसटीएफ ने जामुड़िया के बेलबाद बस स्टैंड से शेख खैरुल को दो हथियारों और कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। खैरुल की पूछताछ में कोयला सिंडिकेट से जुड़े बहुला निवासी शमशेर हुसैन का नाम सामने आया। एसटीएफ ने बीते मंगलवार को शमशेर को रांची से गिरफ्तार कर लिया। दोनों अभियुक्तों से कड़ाई से पूछताछ के बाद मिले सटीक लोकेशन के आधार पर एसटीएफ ने अंडाल के ईसीएल क्वार्टर में छापेमारी कर इस जखीरे को बरामद किया।

इन सवालों के जवाब ढूंढने में जुटी एसटीएफ

फिलहाल एसटीएफ के अधिकारी हथियारों के स्रोत और इतने बड़े पैमाने पर इन्हें छिपाकर रखने के मकसद की जांच कर रहे हैं। पुलिस इस बात का भी पता लगा रही है कि इस नेटवर्क में कौन-कौन से अन्य लोग शामिल हैं और क्या इन हथियारों का संबंध किसी बड़े गिरोह से है।

SCROLL FOR NEXT