सन्मार्ग संवाददाता
पुरुलिया : पुरुलिया जिला भाजपा की ओर से गुरुवार शाम पुरुलिया शहर के टैक्सी स्टैंड में विजय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में पश्चिम बंगाल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्रमिक भट्टाचार्य उपस्थित रहे। इस दौरान उन्होंने अपने संबोधन में पुरुलिया सहित पूरे जंगलमहल के विकास के मुद्दे पर वाममोर्चा और तृणमूल कांग्रेस को कठघरे में खड़ा किया। साथ ही आगामी दिनों में भाजपा सरकार की ओर से क्षेत्र में उद्योग, रोजगार, शिक्षा, पेयजल और बुनियादी सुविधाओं के विकास को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
श्रमिक भट्टाचार्य ने कहा कि पिछले 50 वर्षों में जंगलमहल को आखिर क्या मिला, इसका हिसाब वामपंथ और तृणमूल कांग्रेस को जनता के सामने देना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि वाममोर्चा ने जंगलमहल के विकास के नाम पर लोगों को गुमराह किया, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने लक्ष्मी भंडार सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्रलोभन देकर लोगों को भ्रमित किया। लेकिन क्षेत्र का वास्तविक विकास नहीं हो पाया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य पूरे देश के लोगों का विकास और उन्नति है। इसी सोच के साथ भाजपा भी बंगाल के विकास की बात करती है। विकास केवल दिल्ली या कोलकाता तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि जंगलमहल से काकद्वीप और पुरुलिया से दार्जिलिंग तक समान रूप से विकास पहुंचना चाहिए।
प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार बनने के बाद राज्य में लोगों के बीच भय का माहौल कम हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनता से जो वादे किए थे, उन्हें पूरा करने की दिशा में सरकार ने काम शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य में सिंडिकेट राज समाप्त करने का भाजपा ने वादा किया था। उनके अनुसार, 4 मई 2026 के बाद बंगाल में सिंडिकेट शब्द का अस्तित्व समाप्त हो गया है। श्रमिक भट्टाचार्य ने अपने संबोधन में ज्ञानेश कुमार की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी भूमिका के कारण ही राज्य में लोग निर्भय होकर मतदान कर सके। इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश महासचिव एवं पुरुलिया के सांसद ज्योतिर्मय सिंह महतो, जिला भाजपा अध्यक्ष शंकर महतो सहित जिले के भाजपा विधायक, पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में समर्थक उपस्थित थे।