आसनसोल

निगम में बैठक के बाद सफाई कर्मियों की हड़ताल हुई खत्म

खुश होकर कार्य पर लौटे सफाई कर्मी

आसनसोल : पिछले 8 दिनों से आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मियों की हड़ताल शनिवार को समाप्त हो गयी। जानकारी के अनुसार निगम में हुई बैठक के बाद हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया गया। बता दें कि सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण विभिन्न वार्डों में लगातर 8 दिनों से गंदगी का अंबार लग गया है। वहीं हड़ताल के 9वें दिन सफाई की समस्या के समाधान को लेकर नगर निगम के सफाई कर्मचारियों के साथ बैठक की गई। गौरतलब है कि बैठक में अलग-अलग मांगों को लेकर चर्चा की गई तथा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को सुना गया और उनकी मांगों पर सकारात्मक बातचीत हुई। वहीं बातचीत से खुश होकर सफाई कर्मचारी अपनी हड़ताल को वापस लेने का फैसला लेकर शनिवार से ही काम पर लग गये।

क्या कहा आसनसोल नगर निगम

आसनसोल नगर निगम के चेयरमैन अमरनाथ चटर्जी ने कहा कि आज उपमेयर वशिमूल हक और अभिजीत घटक एवं सफाई कर्मचारियों को लेकर एक बैठक की गई। बैठक में उनकी समस्या को सुनकर समाधान निकाला गया। बैठक में कहा गया कि नगर निगम की तरफ से सफाई कर्मियों को आई कार्ड दिया जायेगा। आगे कहा कि पीएफ को अपडेट कर दिया जायेगा और दस्तावेजों में जो गड़बड़ी थी, उसे ठीक कर दिया जायेगा। इन सब के बाद सफाई कर्मियों ने हड़ताल वापस ले ली है और उन्होंने काम भी शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही शहर की सफाई व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त कर दिया जाएगा और जमा कचरे को हटाने का काम तेजी से किया जाएगा। साथ ही कहा कि विपक्षी पार्टी जो आसनसोल नगर निगम को इस मुद्दे पर घेर रही थी, उन्हें भी जवाब मिल गया।

मेयर के सख्त रुख से हड़ताली पड़े नरम

निगम सूत्रों के अनुसार मेयर बिधान उपाध्याय के सख्त रुख से हड़ताली सफाई कर्मी थोड़े नरम पड़े और एक निर्णय पर आ गये। बता दें कि मेयर बिधान उपाध्याय ने स्पष्ट कह दिया था कि वे उनकी तनख्वाह बढ़ाने की स्थिति में नहीं हैं। राज्य के दूसरे नगर निगम की अपेक्षा आसनसोल नगर निगम सफाई कर्मियों को अधिक राशि का भुगतान करता है। वेतन वृद्धि छोड़कर अन्य मुद्दों पर निगम चर्चा करने को तैयार है। साथ ही उन्होंने कहा था कि अगर हड़ताली सफाई कर्मी नहीं मानें तो उनके विकल्प पर विचार किया जायेगा।

SCROLL FOR NEXT