अंडाल : कोल इंडिया की अनुषांगिक इकाई ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड(ईसीएल ) में पहली बार किसी एक यूनिट के कम्पलीट ऑपरेशन की जिम्मेदारी महिला कामगारों के कंधों पर सौंपने की तैयारी शुरू की गई है। इसे लेकर ईसीएल मुख्यालय प्रबंधन ने एक कमेटी गठन किया है, जो ईसीएल के विभिन्न एरिया स्टोर, वर्कशॉप आदि का दौरा शुरू करते हुए संभावनाओं की तलाश शुरू कर दी है। इस कड़ी में कमेटी में मौजूद पदाधिकारियों ने ईसीएल के काजोड़ा क्षेत्र का दौरा कर यहां के एरिया स्टोर का निरीक्षण किया। निरीक्षण करने आई ईसीएल मुख्यालय की टीम में एचओडी (निदान व आरटीआई सेल) सुजाता दासगुप्ता, एचओडी (ई एंड एम) मंजू चौधरी, चीफ मैनेजर (एचआर) हीरक सरकार, सीनियर मैनेजर (एचआर ) गौरव मित्तल शामिल थे। काजोड़ा क्षेत्र के एरिया मैनेजर (एचआर) अर्पण घोष, एरिया मैनेजर (एमएम) धीरज मिश्रा, मैनेजर (एचआर) पूजा एक्का, असिस्टेंट मैनेजर (एचआर) प्रताप तिग्गा व अन्य अधिकारियों ने मुख्यालय से आई टीम को सहयोग किया। ऐसा कहा जा रहा है कि आनेवाले समय में इस एरिया स्टोर के संचालन महिला कामगारों के हाथों में होगा। कंपनी के इस अनूठे पहल को लेकर कामगारों में उत्सुकता के साथ -साथ चर्चा का माहौल है।
एरिया स्टोर में अधिकारी से लेकर स्टाफ व कामगार सभी रहेंगी महिलाएं
काजोड़ा एरिया स्टोर ईसीएल का एक ऐसा यूनिट है, जहां पुरुष कामगारों की तुलना में महिला कामगारों की संख्या अधिक है। सूत्रों के अनुसार यहां 16 कामगार कार्यरत हैं, जिसमें 9 महिलाएं हैं। वे स्टोर के रिसीव और इशू सेक्शन का कार्यभार बखूबी संभालते आ रही हैं। यह स्टोर महिला सशक्तिकरण को सही मायने में परिभाषित कर रहा है। यदि इस स्टोर के संपूर्ण संचालन का जिम्मा महिलाओं के हाथों में सौंपा जाता है तो आनेवाले समय में यहां अधिकारी से लेकर स्टाफ व कामगार सभी महिलाएं ही होंगी। यही नहीं स्टोर की सुरक्षा का जिम्मा भी महिला सुरक्षा कर्मियों के कंधों पर रहेगी। क्रेन ऑपरेटर, ड्राइवर भी महिलाएं ही होंगी।
क्या कहते है अधिकारी
काजोड़ा क्षेत्र के महाप्रबंधक प्रशांत कुमार ने कहा कि प्रारंभिक स्तर पर काजोड़ा एरिया स्टोर को चिन्हित किया गया है। निरीक्षण को आई टीम के सजेशन पर काम कर रहे हैं। अंतिम निर्णय आने पर महिलाओं के अनुरूप इस स्टोर के इंफ्रास्ट्रक्चर को विकसित किया जायेगा। ईसीएल के सीनियर मैनेजर (एचआर) हीरक सरकार ने कहा कि किसी एक यूनिट हो महिला कामगारों द्वारा ऑपरेशनल करने के आदेश पर काम किया जा रहा है। संभावनाओं की तलाश में काजोड़ा एरिया स्टोर का निरीक्षण किया गया। यहां संभावना नजर आई है। कारण यहां डेजिगनेटेड फीमेल एम्प्लॉयी की संख्या अधिक है लेकिन इसके लिए पूरा सेट अप चेंज करना चुनौतीपूर्ण होगा।