आसनसोल : 'राम अवतार गुप्त शिक्षा संकल्प 2026' संस्करण कार्यक्रम ने इतिहास रच दिया। इतने बड़े पैमाने पर हिंदी के योद्धा विद्यार्थियों का अब तक पहले कभी सम्मान नहीं हुआ था। इस कार्यक्रम में शिल्पांचल के विभिन्न स्कूलों व कॉलेजों के सैकड़ों विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। आसनसोल के रवींद्र भवन में आयोजित इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए सुबह से हिंदी के योद्धा विद्यार्थियों का उत्साह चरम पर देखा गया। गौरतलब है कि कार्यक्रम का शुभारंभ सरस्वती वंदना, दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगान से किया गया। राम अवतार गुप्त शिक्षा संकल्प कार्यक्रम में हिंदी के योद्धाओं की उमड़ी भीड़ देखने लायक था। पूरा हॉल हिंदी के योद्धाओं से खचाखच भरा हुआ था। सभी अतिथियों एवं विद्यार्थियों को सन्मार्ग फाउंडेशन के द्वारा सम्मानित किया गया। इस मौके पर सन्मार्ग के इस प्रयास की सभी ने जमकर सराहना की। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों का सन्मार्ग फाउंडेशन की अध्यक्षा रुचिका गुप्त ने स्वागत किया। मौके पर सन्मार्ग समूह के प्रधान संपादक विवेक गुप्त ने अतिथियों एवं विद्यार्थियों का स्वागत किया और सन्मार्ग एवं इस कार्यक्रम की विशेषता पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सेल आईएसपी के सीआईएसएफ के डीआईजी एलके हॉकिप ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सन्मार्ग फाउंडेशन द्वारा विद्यार्थियों को जो सम्मान मिल रहा है और उन्हें जो उत्साहित किया जा रहा है, यह काफी सराहनीय है। उन्होंने आगे कहा कि कक्षा 10वीं पास करने वाले विद्यार्थी यदि अगले 5 साल पूरी लगन से मेहनत करे, तो उनका भविष्य उज्ज्वल होगा। बच्चों को संदेश देते हुये कहा कि पढ़ाई को अपना दोस्त बनाओ और अपने आप से प्रतियोगिता करो। मन में किसी के प्रति क्रोध न करें तो आपको आगे बढ़ने से कोई रोक नहीं सकता है। इस मौके पर ईसीएल के डीपी गुंजन कुमार सिन्हा, केएनयू के रजिस्ट्रार डॉ. चंदन कोनार, काजी नजरूल एयरपोर्ट के डायरेक्टर कैलाश मंडल, नरेश शर्मा, बिनोद गुप्ता, सचिन राय, दीपक तोदी, विवेकानंद ठाकुर, जगदीश बागड़ी, सचिन बलोदिया, मुकेश तोदी, प्रेम गोयल, अनिल जालान, संजय तिवारी, सतपाल सिंह कीर सहित काफी संख्या में अतिथि एवं विभिन्न स्कूल के विद्यार्थी मौजूद थे।