आसनसोल

विधायक ने हेलमेट पहनाकर दी सुरक्षा की सीख

सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 200 लोगों में बांटे गए हेलमेट

बर्नपुर : बर्नपुर के चित्रा मोड़ इलाके में भारतीय जनता माइनॉरिटी मोर्चा आसनसोल जिला की तरफ से हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। गौरतलब है कि बाइक सवारों की सुरक्षा को देखते हुये इस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मौके पर मुख्य अतिथि कृष्णेंदु मुखर्जी ने बाइक सवारों को हेलमेट पहनाकर कहा कि जिदंगी कीमती है, हर सफर में हेलमेट को पहला साथी बनाएं और अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए सड़क पर गाड़ी निकालने से पहले हेलमेट जरूर पहनें। वहीं भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा की जिलाध्यक्ष नाजनीन सबिहा ने कहा कि कार्यक्रम के तहत 200 हेलमेट बांटे गये और हेलमेट पहना कर कहा गया कि सिर्फ कानून से बचने के लिए ही नहीं, बल्कि अपनी सुरक्षा के लिए भी हेलमेट बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर टू-व्हीलर चलाने वाले को यह याद रखना चाहिए कि जब वह बाहर जाता है, तो घर पर कोई उसका इंतजार कर रहा होता है, इसलिए उसे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट पहनना चाहिए। वहीं भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य पवन सिंह ने कहा कि भाजपा माइनॉरिटी मोर्चा की तरफ से किया गया यह हेलमेट बांटने का प्रोग्राम बहुत अच्छी पहल है, इससे न सिर्फ लोगों को ट्रैफिक नियमों के बारे में जागरूक करने में मदद मिलेगी, बल्कि लोगों को अपनी सुरक्षा के बारे में भी जागरूक होना चाहिए। इस मौके पर आसनसोल साउथ मंडल-2 के अध्यक्ष रामानंद साह, हीरापुर ट्रैफिक गार्ड ओसी एआर खान, पुलिस अधिकारी तापस घोष सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT