बर्नपुर : बर्नपुर क्लब में कमलेंदु मिश्रा द्वारा अर्जेंटीना के प्रख्यात फुटबॉलर लियोनेल मेसी के ऊपर लिखी एक किताब लियोनेल एट लास्ट (द 2022 वर्ल्ड कप) का विमोचन किया गया। गौरतलब है कि इस पुस्तक का विमोचन आसनसोल दक्षिण के विधायक और राज्य की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने किया। लियोनेल एट लास्ट उस ऐतिहासिक पल को दर्शाता है, जब महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना ने 18 दिसंबर 2022 को कतर में फ्रांस को हराकर फीफा विश्व कप का खिताब जीता था। मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा कि फुटबॉल एक खेल नहीं बल्कि बंगाल की संस्कृति है और इसे युवा वर्ग आनंद के साथ खेलते हैं। आगे कहा कि लियोनेल मेसी ने पूरे विश्व को यह दिखा दिखाया कि मेहनत - लगन और किसी एक काम के प्रति निष्ठा इंसान कहां से कहां पहुंच सकती है। मेसी एक बहुत ही निम्न मध्यम वर्ग परिवार से आते हैं लेकिन अपनी मेहनत और अपनी निष्ठा से वह आज दुनिया भर के फुटबॉल खिलाड़ियों और फुटबॉल प्रेमियों के लिए आदर्श बन चुके हैं। वहीं कमलेंदु मिश्रा ने कहा कि लियोनेल एट लास्ट किताब में 2022 में मेसी विश्व कप फुटबॉल में जो कारनामा किया था, उसे दर्शाया गया है और किस तरह से उन्होंने सिर्फ अर्जेंटीना नहीं पूरे विश्व को उत्कृष्ट फुटबॉल का उपहार दिया था, इसके बारे में किताब में चर्चा की गई है। आगे कहा कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप के शुरू होने में मात्र 11 दिन बाकी हैं। वे चाहते हैं कि लोग इस पुस्तक को पढ़ें और फीफा वर्ल्ड कप के बारे में ज्यादा से ज्यादा जानें। इस मौके पर डॉ. अशोक रॉय, नरेश अग्रवाल, पवन गुटगुटिया, पीके ठाकुर, स्वपन कुमार चौधरी, पवन सिंह, डॉ. मनीष झा, प्रबीर धर सहित अन्य लोग मौजूद थे।