आसनसोल

मंत्री ने हेलमेट पहनाकर नियमों का पालन करने का दिया सुझाव

सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं

Suraj Choudhary

सन्मार्ग संवाददाता

बर्नपुर : पश्चिम बंगाल सरकार, परिवहन विभाग, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में 3 अगस्त से 9 अगस्त 2026 तक राज्य भर में सड़क सुरक्षा सप्ताह मनाया जा रहा है। इसे ध्यान में रखते हुये बर्नपुर के त्रिवेणी मोड़ पर विशेष रूप से महिला चालकों के लिए हेलमेट वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व चंदन चक्रवर्ती, बर्नपुर गुरुद्वारा एवं सावित्री इंटरप्राइज के द्वारा किया गया। कार्यक्रम के दौरान 130 हेलमेट महिला चालकों में वितरित किया गया। मौके पर मंत्री अग्रिमित्रा पॉल ने महिलाओं को हेलमेट पहनाते हुये यातायात नियमों का पूरी जिम्मेदारी के साथ पालन करने का सुझाव दिया। मौके पर उन्होंने महिलाओं सहित सभी दोपहिया वाहन चालकों से और पीछे बैठने वालों से हेलमेट पहनने का अनुरोध किया। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य नागरिकों और महिलाओ को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को कम करना है। साथ ही कहा कि कि सड़क पर लिया गया हर सही निर्णय किसी की जान बचा सकता है। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है। यदि सभी नागरिक जिम्मेदारी के साथ वाहन चलाएं और ट्रैफिक नियमों का पालन करें तो दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। इस मौके पर हीरापुर ट्रैफिक गार्ड ओसी एआर खान, भाजपा जिला महासचिव अपूर्व हाजरा, भाजपा राज्य कार्यकारिणी सदस्य पवन कुमार सिंह, आसनसोल साउथ मंडल-2 अध्यक्ष रामानंद साह, पूर्व जिलाध्यक्ष बप्पा चटर्जी, गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सचिव रघुवीर सिंह, अजीत सिंह, रणजीत सिंह कैरो सहित अन्य लोग मौजूद थे।

SCROLL FOR NEXT