बर्नपुर : सेल आईएसपी के एस्टेट विभाग द्वारा कंपनी की भूमि पर अवैध अतिक्रमण हटाने के अभियान के तहत लगातार कार्रवाई की जा रही है। गौरतलब है कि इस दौरान बर्नपुर क्षेत्र के चर्चित और लगभग 50 वर्ष पुराने ख्याली क्लब को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। क्लब तोड़े जाने के बाद सदस्यों और स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखी गई। वहीं अपर रोड स्थित एनडीसी क्लब पर भी एस्टेट विभाग की टीम बुलडोजर अभियान चलाने पहुंची थी लेकिन क्लब के सदस्यों ने अधिकारियों से अनुरोध किया कि उन्हें क्लब का ढांचा स्वयं हटाने के लिए कुछ समय दिया जाए। सदस्यों के अनुरोध पर अधिकारियों ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए सोमवार शाम तक का समय दे दिया।
क्लबों के सदस्यों ने लगाया आरोप
क्लब के सदस्य राजेश पांडे ने सेल आईएसपी प्रबंधन की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि प्रबंधन चुनिंदा संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। उन्होंने कहा कि ख्याली क्लब का किसी राजनीतिक दल या प्रभावशाली व्यक्ति से कोई संबंध नहीं है, फिर भी उसे निशाना बनाया गया है। क्लब के सदस्यों ने बताया कि ख्याली क्लब लंबे समय से सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहा है। क्लब की ओर से छठ पूजा, दुर्गा पूजा सहित विभिन्न धार्मिक और सामाजिक आयोजनों में सेवा शिविर लगाए जाते रहे हैं।