दुर्गापुर : उच्च माध्यमिक परीक्षा 2026 के सुचारु एवं निष्पक्ष संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को दुर्गापुर महकमा कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में दुर्गापुर महकमा स्तरीय तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में दुर्गापुर महकमा के अंतर्गत आने वाले सभी परीक्षा केंद्रों से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जानकारी दी गई कि दुर्गापुर महकमा में कुल 42 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं, जिनमें 9 मुख्य केंद्र और 33 उप-केंद्र शामिल हैं। इस वर्ष सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत सेमेस्टर–III की परीक्षा में 1032 परीक्षार्थी, सेमेस्टर–IV की परीक्षा में 7957 परीक्षार्थी तथा पुराने पाठ्यक्रम (Old Syllabus) के अंतर्गत 380 परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। प्रमुख मुख्य परीक्षा केंद्रों में दुर्गापुर प्रोजेक्ट बॉयज हाई स्कूल, बिधान नगर गवर्नमेंट स्पॉन्सर्ड बॉयज हाई स्कूल, अंडाल हाई स्कूल, कांकसा गर्ल्स हाई स्कूल सहित अन्य विद्यालय शामिल हैं। बैठक की अध्यक्षता एसडीएम सुमन बिस्वास ने की। इस अवसर पर पुलिस विभाग, स्वास्थ्य विभाग, अग्निशमन विभाग, कोषागार अधिकारी, बिजली विभाग सहित विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी विभागों ने परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाएं, अग्नि सुरक्षा, विद्युत आपूर्ति एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। बताया गया कि उच्च माध्यमिक परीक्षा 12 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक आयोजित की जाएगी। सेमेस्टर–IV एवं पुराने पाठ्यक्रम की परीक्षा प्रातः 10:00 बजे से तथा सेमेस्टर–III की परीक्षा दोपहर 1:00 बजे से प्रारंभ होगी। परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निर्बाध संचालन के लिए सभी आवश्यक प्रबंध पहले से ही सुनिश्चित कर लिए गए हैं। इस संबंध में उच्च माध्यमिक परीक्षा के संयुक्त संयोजक (Joint Convener), पश्चिम बर्दवान, डॉ. कालीमुल हक ने कहा कि बैठक में परीक्षा से जुड़े सभी महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक समन्वय, सुरक्षा व्यवस्था, समयबद्ध प्रश्नपत्र वितरण, परीक्षार्थियों की सुविधा एवं आपातकालीन सेवाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सभी विभागों के सहयोग से परीक्षा शांतिपूर्ण, पारदर्शी और सफलतापूर्वक संपन्न होगी।