कल्ला छठ घाट पर उमड़ा आस्था का सैलाब  
आसनसोल

उदयाचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के साथ छठ महापर्व संपन्न

छठ घाटों पर उमड़ा आस्था का सैलाब/ मिनी बिहार के रूप में परिणत रहा शिल्पांचल

Gopal Kumar Singh

सतीश, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय पर्व के चौथे दिन छठ व्रतियों ने आसनसोल सहित पूरे शिल्पांचल के विभिन्न नदी व तालाब छठ घाटों पर उदयाचलगामी सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। क्षेत्र के धादका बायपास स्थित तपसी बाबा मंदिर (भुड़भुड़ियां नदी) छठघाट,कल्ला प्रभु छठघाट, शीतला तालाब छठ घाट, धादका एडीडीए काॅलोनी तालाब छठघाट और गोपालनगर तथा बाबा लोकनाथ आदि घाटों पर व्रतियों ने सूर्य देव को अर्घ्य दिया। सनद रहे कि चार दिवसीय महापर्व का बीते शुक्रवार को नहाय-खाय से शुभारंभ हुआ था। शनिवार को खरना का आयोजन किया गया था। रविवार को अस्ताचलगामी सूर्य देव को अर्घ्य दिया गया। रविवार दोपहर 2 बजते ही लोग अपने सिर पर डाला लेेकर छठ घाटों की जाने लगे। व्रतियां अपने परिवार की महिलाओं के साथ झुंड में छठ गीत गाते घाट की ओर जा रही थी। हर तरफ कांच ही बांस के बहंगियां, बहंगी लचकत जाए आदि छठ गीतों से पूरा क्षेत्र गुंजित हो रहा था। कोई कांधे पर ईख तो कोई केला आदि लेकर छठ घाट की ओर जा रहा था।

मन्नत वाले व्रतियों की विशेष पहल

महापर्व को लेकर कुछ परिवारों में छठ भईया से मन्नत मांगी जाती है। मन्नत वाली व्रतियां अपने घर से छठघाट तक सड़क पर दंडवत करते हुए जाती हैं। कोई अपने लिए संतान तो कोई रोग मुक्त करने की मन्नत मांग कर दंडवत करते घाट जाती हैं।

सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण में जुटी पुलिस

चांदमारी श्रीनगर के पास स्थित एजी चर्च व डीएवी माॅडल स्कूल के पास पुलिस बेरिकेड लगा कर ट्रैफिक नियंत्रण कर रही थी। घाट की ओर बाइक आदि नहीं जाने दिया गया।वहीं धादका बायपास मोड़ पर आसनसोल नॉर्थ ट्रैफिक गार्ड प्रभारी संजय कुमार भगत के नेतृत्व में व्यापक संख्या में पुलिस और सीवीपीएफ बेरिकेड लगा आवागमन नियंत्रण कर रहे थे। तपसी बाबा घाट पर पुलिस की ओर से शिविर बनाकर घाट पर नजर रखी जा रही थी। इस शिविर में एसीपी अब्दुल गफ्फार और सीआई सहित कई पुलिस अधिकारी उपस्थित थे। कल्ला प्रभु छठ घाट पर आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डाॅ प्रणव कुमार पहुंच कर सभी को छठ पूजा की हार्दिक बधाई दी। आसनसोल उत्तर के विधायक कृर्ष्णेंदु मुखर्जी सभी घाटों पर देखे गए।

SCROLL FOR NEXT