संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बर्दवान : प्रशासन को भ्रष्टाचार मुक्त करने के साथ-साथ प्रशासन को दलमुक्त करने की चुनौती में वे सरकार के साथ खड़े हैं। शनिवार को बर्दवान टाउन हॉल में भाजपा के सरकारी कर्मचारी परिषद के विजया मिलन समारोह और कार्यकर्ता सभा में आकर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष देबाशीष शील ने यह बात कही। उन्होंने उस दिन कहा कि कर्मचारियों की मांगें मनवाने के लिए हम जैसे तत्पर रहेंगे, वैसे ही सरकार के साथ तालमेल बनाकर चलेंगे। भ्रष्टाचार में शामिल सरकारी कर्मचारियों के संदर्भ में उन्होंने कहा कि 3 दिन पहले नवान्न के सचिवालय से 13 लोगों का तबादला किया गया है। वे भ्रष्टाचार के मुख्य सूत्रधार थे। उनमें से जो मुख्य सरगना है, उसे सीधे बिजनबाड़ी भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि जो लोग रंग बदलकर खुद को राष्ट्रवादी दिखा रहे हैं, उन तमाम भ्रष्टाचारियों में से किसी को भी छोड़ा नहीं जाएगा। जिन लोगों ने थ्रेट कल्चर (धमकी की संस्कृति) चलाया है, उनके खिलाफ हम दफ्तर-दफ्तर जा रहे हैं, विभागीय प्रमुखों से कह रहे हैं, मंत्रियों से कह रहे हैं। काफी काम हुआ है। आगे भी होगा। उन्होंने उस दिन कहा कि सरकार जैसे यह काम कर रही है, वैसे ही हम भी सरकार के साथ हैं। देबाशीष शील ने कहा कि 4 मई के बाद एक सैलाब-सा आ गया था। हम पिछले 6 महीनों से उन लोगों की पहचान कर रहे हैं जिन्होंने 15 साल तक भ्रष्टाचार किया है। उन तमाम भ्रष्टाचारियों का इस कर्मचारी परिषद में आना बंद है। उनके लिए ''नो एंट्री'' है। उन्होंने उस दिन दावा किया कि उनकी इस कर्मचारी परिषद में आप एक भी ऐसा भ्रष्टाचारी नहीं दिखा पाएंगे, जिसके खिलाफ पिछले दिनों भ्रष्टाचार के आरोप थे। उस दिन इस कार्यक्रम में अन्य लोगों के अलावा संगठन के राज्य समिति के सदस्य अंजन मुखर्जी, पूर्व बर्दवान जिला के संयोजक स्वपन चक्रवर्ती आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम शुरू होने से पहले एक पदयात्रा भी आयोजित की गई।