आसनसोल

स्टॉल एवं अस्थायी दुकान हटाने को लेकर निगम ने चिपकाया नोटिस, दुकानदार चिंतित

निगम ने दिया 15 दिनों का समय

आसनसोल : आसनसोल नगर निगम द्वारा आसनसोल बाजार इलाके के पार्किंग स्थल पर स्टॉल एवं अस्थायी दुकानों को हटने को लेकर नोटिस चिपकाया गया है। गौरतलब है कि आसनसोल नगर निगम को शिकायत प्राप्त हुई है कि पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान पर स्टॉल स्थापित किया गया है, जो कि सरकारी जमीन है। आसनसोल नगर निगम द्वारा स्टॉल व दुकानों के मालिकों को सूचित किया गया है कि उन्हें सरकारी भूमि से अपने स्टॉल, सामान, दुकानें हटाने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। 15 दिनों की अवधि समाप्त होने के पश्चात, इस नोटिस के जारी होने की तिथि से 15 दिन की निर्दिष्ट अवधि के पश्चात दुकानों व स्टॉलों के विरुद्ध ध्वस्तीकरण सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दुकानदारों में बना चिंता का विषय

यह नोटिस दुकानदारों में चिंता का विषय बना हुआ है कि अगर उनकी दुकान को हटा दिया जायेगा तो वे कहां जायेंगें और उनका परिवार कैसे चलेगा। वहीं दुकानदार अपने-अपने स्तर से पता करने की कोशिश कर रहे हैं कि किस-किस दुकान को हटाया जायेगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार जिन दुकानदारों ने पार्किंग इलाके में नये तरीके से स्टॉल बनाकर रखा हुआ है, उन्हें पहले हटाया जायेगा।

क्या कहना है मेयर का

आसनसोल नगर निगम के मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि पार्किंग क्षेत्र में दुकान लगाने वालों को वहां से हटने का नोटिस दिया गया है। अगर वे 15 दिन के अंदर नहीं हटते हैं तो उन पर कानूनी कार्रवाई कर दुकान को ध्वस्त कर दिया जायेगा।

SCROLL FOR NEXT