आसनसोल : आसनसोल नगर निगम ने वार्ड संख्या 47 के आश्रम मोड़ के पास जीटी रोड पर स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय को तोड़ने का आदेश जारी कर दिया है। जारी पत्र में कहा गया है कि 31 मई से पहले उस कार्यालय को हटा लिया जाये नहीं तो 31 मई को निगम उस कार्यालय को तोड़ देगा। बता दें कि इस कार्यालय को निगम के सलाहकार रबिउल इस्लाम द्वारा बनवाया गया था। आरोप है कि यह कार्यालय अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाया गया है। इस कार्यालय के खिलाफ स्थानीय तृणमूल नेता जावेद इकबाल उर्फ झब्बू ने निगम में शिकायत की थी। उल्लेखनीय है कि जावेद इकबाल ने बुधवार को संवाददाताओं को बताया था कि जिस समय उस कार्यालय को बनवाया जा रहा था, उस समय उनकी शिकायत पर निगम ने कोई कार्रवाई नहीं की और उस कार्यालय को बनने दिया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि रबिउल इस्लाम ने निगम में सलाहकार होने का गलत लाभ उठाते हुए एवं अपने पद का उपयोग कर उस कार्यालय को बनवाया है। हालांकि, उस समय मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा था कि अवैध कब्जा कर किसी भी कार्यालय को बनने नहीं दिया जाएगा और उस कार्यालय के खिलाफ कार्रवाई होगी। उनके इस आश्वासन के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई थी, पर राज्य में सरकार बदलते ही निगम ने नोटिस जारी कर दिया है। उनकी शिकायत के बाद निगम ने रबिउल इस्लाम को नोटिस जारी कर उस कार्यालय को तोड़ने का निर्देश दिया है।
क्या कहा तृणमूल नेता ने
इस संबंध में तृणमूल नेता सह आसनसोल नगर निगम के कानूनी सलाहकार रबिउल इस्लाम ने कहा कि निगम का नोटिस उनको सोशल मीडिया के माध्यम से मिला है। यह कार्यालय उनका निजी कार्यालय नहीं, बल्कि राजनीतिक कार्यालय है। जिस प्रकार से शहर में अन्य स्थानों पर सरकारी जमीन पर पार्टी कार्यालय बने हैं, उन्होंने वैसे ही बना लिया और वह भी लोगों की सेवा के लिए। अब निगम ने उसे तोड़ने का नोटिस दिया है। निगम के नोटिस का सम्मान रखते हुए निगम के तोड़ने से पहले वे स्वयं इस कार्यालय को हटा लेंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि निगम को यह भी देखना चाहिए कि इसी प्रकार की कार्रवाई दूसरे कार्यालयों पर भी हो।