इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल/दुर्गापुर : गुरुवार की रात शिल्पांचल के लिये विशेष व खुशियों भरा रहा। इस दिन मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी एक ही रात में आसनसोल, बाराबनी एवं दुर्गापुर के चार पूजा पंडालों का उद्घाटन किया। आसनसोल में नाकरा सांता एवं बाराबनी के नुनी मोड़ स्थित मां काली पूजा पंडाल का उद्घाटन किया। वहीं दुर्गापुर स्टील टाऊनशिप के बी-जोन के सबसे बड़े बजट वाले काली पूज में से एक न्यूटन यंग कॉर्नर पूजा कमेटी के मंडप का उद्घाटन मुख्यमंत्री ने किया। इस साल यह पूजा 51वें वर्ष में पहुंच गई है। हर साल की तरह इस बार भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनने जा रहा है। इस मौके पर मंत्री अग्निमित्रा पाल, मंत्री अजय पोद्दार, सांसद सौमित्र खां, विधायक लखन घोरूई, चंद्रशेखर बनर्जी, आरएसएस के मध्य बंग के अच्चयुत हाजरा समेत अन्य कई विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहे। इस साल पूजा की मुख्य थीम ‘त्रिदेव महाकाल’ है। थीम के माध्यम से दर्शकों के सामने विशेष सोच और सुंदर प्रस्तुति पेश करने का प्रयास पूजा आयोजकों ने किया है। वहीं मुख्य मंडप के साथ-साथ दर्शकों के लिए एक और आकर्षक थीम भी रखी गई है। पूजा के कुछ दिनों तक अन्य सालों की तरह इस बार भी निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया है। पूजा के आनंद के साथ-साथ आम लोगों की स्वास्थ्य जागरूकता और सेवा की बात को ध्यान में रखकर ही यह पहल की गई है। इस मौके पर पूजा आयोजकों ने मुख्यमंत्री राहत कोष में 10 लाख रुपये का अनुदान भी सौंपा। उद्घाटन समारोह में पूजा कमेटी के पदाधिकारियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और श्रद्धालु मौजूद रहे। मंडप के उद्घाटन के साथ ही पूरे इलाके में उत्सव का माहौल छा गया। रोशनी से सजा मंडप और त्रिदेव महाकाल की थीम को देखने के लिए दूर-दूर से दर्शकों के आने की उम्मीद जताई जा रही है।