आसनसोल : आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों द्वारा शुक्रवार से काम बंद करके वेतन वृद्धि सहित चार मांगों के समर्थन में आंदोलन किया जा रहा है। इस आंदोलन के कारण निगम इलाके में जगह-जगह गंदगी पसरा रहा, जिससे लोगों को परेशानी भी होने लगी है। इस मुद्दे पर सफाई कर्मी लंबे आंदोलन के मूड में नजर आ रहे हैं। शनिवार को विभिन्न बोरो के सफाई कर्मियों ने आसनसोल नगर निगम पहुंचकर मेयर बिधान उपाध्याय से मुलाकात की। सफाई कर्मियों ने वेतन वृद्धि के साथ PF के पैसे को लेकर मेयर से बात की। मौके पर मौजूद मेयर बिधान उपाध्याय ने कहा कि वेतन वृद्धि लगभग 1 साल पहले की गई थी, वर्तमान में वेतन वृद्धि करना संभव नहीं है। वहीं PF के पैसे की बात करें तो 2025 के मार्च महीने तक प्रोविडेंट फंड का पैसा उनके अकाउंट में डाला गया है, तब से लेकर अब तक कुछ तकनीकी समस्या की वजह से यह पैसा अकाउंट में नहीं डाला जा सका है, लेकिन इस समस्या का भी निराकरण कर लिया गया है और वह भी बहुत जल्द शुरू हो जाएगा।
विपक्ष के नेता ने नगर निगम पर किया प्रहार
निगम में विपक्ष दल की नेता चैताली तिवारी ने आसनसोल नगर निगम पर प्रहार करते हुये कहा कि सफाई कर्मी दो दिनों से नगर निगम के सामने धरना देकर बैठे हुए हैं और नगर निगम इनकी समस्या को समाधान को ध्यान नहीं दे रहा है। स्कूल, अस्पताल और सड़क किनारे कचड़ों का अंबार लगा हुआ है जिससे लोगों को चलना मुश्किल हो गया है। सामने पर्व है और नगर निगम प्रत्येक घर से 30 रुपये करके वसूल रहा है, टैक्स ले रहा है, सभी रुपये कहां जा रहा हैं, नगर निगम इसका जवाब दे।
कार्यों को लेकर मेयर कार्यालय में की गई बैठक
बैठक में चर्चा की गई कि आमादेर पाड़ा आमादेर समाधान परियोजना के तहत आसनसोल नगर निगम में 3600 कार्यों के लिए आवेदन आया है जिसमें से 700 कार्यों का टेंडर हो चुका है और शुरू भी हो चुका है। राज्य सरकार की तरफ से 1000 कार्यों को करने का फंड आवंटित किया गया है, चुनाव शुरू होने से पहले सभी 3600 कार्यों को पूरा करने के लिए फंड का आवंटन जरूर हो जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि कॉन्ट्रैक्टरों को भरोसा दिलाया गया है कि काम करने के लिए फंड की कोई कमी नहीं है और फंड की कमी की वजह से कोई काम नहीं रुकेगा। साथ ही बैठक में निर्णय लिया गया कि सफाई कर्मियों को सोमवार से काम पर जाने को कहा गया है ताकि नगर निगम इलाके में कहीं भी गंदगी न दिखे। इस मौके पर आसनसोल नगर निगम की कमिश्नर एकम जे सिंह, सचिव केके मंडल, एमएमआईसी मानस दास, दिव्येंदु भगत, बोरो चेयरमैन अनिमेष दास, शिवानंद बाउरी मौजूद थे।