बीरभूम : घर में अकेला पाकर एक गृहवधू की अत्यंत बर्बरता से हत्या की घटना से इलाके में हलचल मच गयी है। बदमाशों ने महिला की आंख तक निकाल ली और गला रेतने के साथ-साथ शरीर पर चॉपर से कई हमला किया। बुधवार शाम को हुई इस रोंगटे खड़े कर देने वाली घटना के सामने आते ही इलाके में भारी तनाव फैल गया। मृतका की पहचान चाईना गोराई (42) के रूप में हुई है, जो बीरभूम के दुबराजपुर की रहने वाली थी। घटना का पता तब चला जब शाम करीब 7:30 बजे उसका पति गौतम गोराई घर लौटा। घर का मंजर देखकर वह कांप गया। फर्श खून से भरा था और बिस्तर पर चाईना का निर्जीव शरीर पड़ा था। उसे लगा कि शायद अभी भी जान बची है, इसलिए आनन-फानन में भाई और पड़ोसियों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
लूटपाट के उद्देश्य से दिया घटना को अंजाम !
जानकारी के अनुसार, बदमाश अलमारी तोड़कर घर में रखे सोने के गहने व नकदी लेकर फरार हो गए हैं। घटना की खबर मिलते ही दुबराजपुर थाने से पुलिस बल के साथ ओसी मनोज सिंह, सीआई देबाशीष हालदार और डीएसपी कुणाल मुखर्जी मौके पर पहुंचे। पुलिस की भूमिका को लेकर स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाए हैं। परिवार और पड़ोसियों ने खोजी कुत्ते को मौके पर लाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया।
पालतू कुत्ते ने घटना के समय नहीं मचाया शोर !
एक रहस्यमय बात यह सामने आई है कि घर में एक पालतू कुत्ता होने के बावजूद, उसने बदमाशों को देखकर कोई शोर नहीं मचाया, जिससे मामला और उलझ गया है। गुरुवार सुबह पूर्व बर्दवान पुलिस लाइन से खोजी कुत्ता "टीना" को लाया गया। हालांकि, कुत्ते के जांच कर लौटने के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा और भड़क गया। दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने रास्ता जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। बाद में पुलिस के आश्वासन पर जाम हटाया गया। इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने बताया कि खोजी कुत्ते के ट्रेनर से फीडबैक लिया गया है। इसके अलावा घटना स्थल की फोरेंसिक जांच करवायी जाएगी। फिंगरप्रिंट विशेषज्ञ उंगलियों के निशान एकत्र करेंगे, जिसके बाद विस्तृत जांच शुरू होगी।