संजय, सन्मार्ग संवाददाता
बांकुड़ा : बारुईपुर अदालत परिसर में एक वकील पर हुए हमले के विरोध में शुक्रवार को बांकुड़ा जिला अदालत के बार एसोसिएशन ने धिक्कार जुलूस निकालकर विरोध दर्ज कराया। घटना की निंदा एवं दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग को लेकर निकली इस रैली में बड़ी संख्या में वकीलों ने हिस्सा लिया।
बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि अधिवक्ता रूपक भट्टाचार्य ने कहा कि अदालत परिसर के भीतर उपद्रवियों द्वारा एक वकील पर हमला करना बेहद गंभीर अपराध है। उन्होंने कहा, "यह घटना लोकतांत्रिक व्यवस्था की आवाज दबाने का प्रयास है। इस निंदनीय कृत्य की भर्त्सना के लिए शब्द कम हैं। अदालत परिसर में एक वकील पर हमला सीधा न्याय व्यवस्था पर हमला है।"
प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं ने मांग की कि इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को कानून के दायरे में लाकर उनके खिलाफ कठोर कदम उठाए जाएं। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वकीलों का पुलिस व प्रशासन और न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है, लेकिन किसी भी सूरत में दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए। दोषियों को तुरंत गिरफ्तार कर उनके खिलाफ सख्त से सख्त सजा सुनिश्चित की जाए।