आसनसोल : चुनाव नतीजे की घोषणा के बाद जिले के विभिन्न क्षेत्रों से हंगामा व अशांति की खबरें सामने आ रही हैं। इसे लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग काफी सावधानी के साथ काम कर रहे हैं ताकि माहौल न बिगड़े। इसी विषय को लेकर बुधवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सभागार में जिला प्रशासन और पुलिस के संयुक्त तत्वावधान में संवाददाता सम्मेलन का आयोजन किया गया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम ने कहा कि जिस तरह जिले में मतदान शांतिपूर्वक सम्पन्न हुआ, ठीक उसी तरह चुनाव नतीजे के बाद जिले में शांति माहौल कायम रखना होगा। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार हंगामा, तोड़फोड़ करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसी तरह की अशांति, हिंसा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर हाल में चुनाव आयोग के दिशा - निर्देश का सख्ती से पालन किया जा रहा है। वहीं आसनसोल - दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि अब तक जिले में अशांति, तोड़फोड़ व हंगामा करने के आरोप में 200 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। माहौल बिगाड़ने वाले चाहे किसी भी राजनीतिक दल के हों, कोई कार्यालय, सरकारी संस्थान, धार्मिक स्थल आदि किसी भी स्थान की पूर्व स्थिति को बदलने व उससे छेड़छाड़ करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर कोई व्यक्ति अथवा समूह इस तरह की गतिविधियों में शामिल पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से परहेज करने की अपील की। मौके पर डीसीपी (मुख्यालय) अरविंद आनंद, डिस्ट्रिक्ट फोर्स को-ऑर्डिनेशन सुनील कुमार सिंह उपस्थित थे।
हंगामा रोकने के लिए संयुक्त नियंत्रण कक्ष की व्यवस्था
पुलिस आयुक्त डॉ. प्रणव कुमार ने कहा कि जिले में उपद्रवियों पर नजर रखने व सख्त कार्रवाई करने के लिए ज्वाइंट कंट्रोल रूम की व्यवस्था की गई है। यहां 24 घंटे सीएपीएफ और पुलिस मौजूद रहेंगी। इसके अलावा लोग स्थानीय थाने को भी सूचना दे सकते हैं। साथ ही 100 अथवा 112 नंबर पर डायल करने पर घटनास्थल पर तुरंत पुलिस और केंद्रीय बल के जवान पहुंच कर माहौल को नियंत्रित कर अशांति होने से बचा पाएंगे। उन्होंने बाराबनी क्षेत्र में एक स्थानीय पत्रकार के साथ मारपीट व उसका मोबाइल फोन तोड़ने पर संज्ञान लेकर सख्त कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।