झाड़ग्राम : इन दिनों कई जगहों पर असली के साथ ही नकली लाटरी टिकटों की भी खूब बिक्री हो रही है। इस गोरखधंधे को चलाने वाले लोग इसके जरिए खूब कमाई भी कर रहे हैं, लेकिन अब पुलिस ने जाली लाटरी टिकटों की बिक्री के खिलाफ सख्त अभियान शुरू कर दिया है। झाड़ग्राम जिला अंतर्गत जामबनी में पुलिस ने जाली लाटरी टिकट छापने वाले एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभिय़ुक्त का नाम शेख सदीकुल हक असारी है। जो जामबनी थाना इलाके के अधीन स्थित चिचिड़ा नामक इलाके का रहने वाला है। स्थानीय सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार वह अभियुक्त विगत कई माह से अपने घर में डियर लाटरी का जाली टिकट छाप रहा था। जाली टिकट छापने के लिए उस अभियुक्त ने अपने घर में ही एक अत्य़ाधुनिक प्रिटिंग मशीन भी लगा रखा था। जिसके जरिए वह लाटरी का जाली टिकट छाप कर इसे पश्चिम बंगाल के अलावा बिहार, ओडीसा,. झारखंड आदि प्रांतों में भी सप्लाई करता था। खुफिया सूत्रों से उस अभियुक्त के इस गोरखधंधे के बारे में पता चलने पर पुलिस ने उसके मकान में जाकर छापेमारी की। इस दौरान उसके घर से भारी मात्रा में लाटरी का जाली टिकट और नकद रुपए बरामद किया गया। इसके अलावा पुलिस को उसके घर से एक अत्याधुनिक प्रिंटिंग मशीन, कंप्यूटर आदि कई संदिग्ध वस्तुएं भी मिली। जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया। उस अभियुक्त को गिरफ्तार कर पुलिस ने मंगलवार को उसका झाड़ग्राम कोर्ट में चालान किया। अदालत ने अभियुक्त को 4 दिनों के लिए पुलिस की हिरासत में भेज दिया है। जहां पुलिस उससे कड़ी पूछताछ कर रही है। पुलिस को संदेह है कि जाली लाटरी छापने और इसे बाजार में चलाने के इस गोरखधंधे में उस अभियुक्त के साथ कई और भी लोग शामिल हो सकते हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही है।