आसनसोल

युवक की हत्या के बाद इलाके में फैला तनाव

पलाशडीहा में बीच-बचाव करने गए युवक को गंवानी पड़ी जान

दुर्गापुर : दुर्गापुर में एक युवक की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी गई। वहीं घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही घटनास्थल पर बड़ी संख्या में पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला। इसके बाद अभियुक्त को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान पुलिस मामले की जांच कर रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है।

क्या है मामला

दुर्गापुर थाना अंतर्गत पलाशडीहा इलाके में पड़ोसियों के विवाद में एक युवक की जान चली गई। रविवार की रात हुई इस हिंसक झड़प में 30 वर्षीय गोपाल दास की कुल्हाड़ी के वार से मौत हो गई। वहीं घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में भारी तनाव व्याप्त है। हालांकि पुलिस की मुस्तैदी के कारण फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। इस संदर्भ में स्थानीय लोगों ने बताया कि पलाशडीहा में युधिष्ठिर महतो और विजय टुडू नामक दो पड़ोसियों के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हुई थी। वहीं देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों के बीच हाथापाई होने लगी। शोर सुनकर पास में रहने वाला गोपाल दास वहां पहुंचा और झगड़ा शांत कराने के उद्देश्य से बीच-बचाव करने लगा। इसी दौरान विजय टुडू ने आपा खो दिया और पास रखी पेड़ काटने वाली कुल्हाड़ी से गोपाल के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। इस दौरान खून से लथपथ गोपाल को आनन-फानन में एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने अनुमंडल अस्पताल में रेफर किया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने गोपाल को मृत घोषित कर दिया। वारदात की सूचना मिलते ही एसीपी सुबीर राय के नेतृत्व में पुलिस मौके पर पहुंची और विजय टुडू को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान मामले की विस्तृत जांच शुरू की गई है।

SCROLL FOR NEXT