इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : राज्य में ''श्री राम सर्किट'' बनाया जाएगा। इसके तहत तारापीठ से दक्षिणेश्वर होते हुए मदनमोहन जिउ तक तीर्थक्षेत्र सर्किट तैयार होगा। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने दुर्गापुर में की। वे दुर्गापुर के एएसबी मोड़ पर ''स्वप्न उड़ान उद्यम'' की ओर से आयोजित जगद्धात्री पूजा में शामिल होने आये थे। इस पूजा का आयोजन दुर्गापुर पूर्व के विधायक चंद्रशेखर बंद्योपाध्याय की ओर से किया गया था। पूजा में शामिल होकर मुख्यमंत्री ने मां जगद्धात्री की आराधना की। इसके बाद उन्होंने डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आईक्यू सिटी (IQ City) सामूहिक दुष्कर्म मामले का जिक्र करते हुए राज्य की पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि घटना के बाद कहा गया था कि रात 8 बजे के बाद महिलाएं घर से न निकलें, लेकिन वर्तमान सरकार की पुलिस बलात्कारियों और अपराधियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार का गंगासागर मेला अंतरराष्ट्रीय स्तर का होगा, जहां साधु-संतों को अब फूस (खड़) के घरों में नहीं रहना पड़ेगा, बल्कि उनके लिए आधुनिक टेंट बनाए जाएंगे और हेलिकॉप्टर से पुष्पवृष्टि की जाएगी। इस कार्यक्रम में सांसद सौमित्र खां, विधायक जितेंद्र तिवारी, चंद्रशेखर बनर्जी, लक्ष्मण घोरुई समेत कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद थे।