जितेंद्र तिवारी को जीत की बधाई देते समर्थक  
आसनसोल

सबको साथ लेकर चलना ही लोकतंत्र, हिंसा बर्दाश्त नहीं : जितेंद्र तिवारी

सरपी स्थित कार्यालय में उमड़ा समर्थकों का सैलाब, छत से किया अभिवादन

पांडवेश्वर : पांडवेश्वर विधानसभा सीट से भाजपा के नवनिर्वाचित विधायक जितेंद्र तिवारी मंगलवार शाम लावदोहा के सरपी स्थित दलीय कार्यालय पहुंचे। विधायक के आगमन की सूचना मिलते ही क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया और भारी संख्या में समर्थकों का हुजूम उमड़ पड़ा। भीड़ का आलम यह था कि कार्यालय के अंदर और बाहर पैर रखने की जगह नहीं बची, जिसके बाद जितेंद्र तिवारी को कार्यालय की छत पर चढ़कर जनता का अभिवादन स्वीकार करना पड़ा। कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए जितेंद्र तिवारी ने कहा कि यह जीत उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पांडवेश्वर की जनता के विश्वास और संघर्ष का परिणाम है। सबको साथ लेकर चलना ही लोकतंत्र है, क्षेत्र में हिंसा बर्दाश्त नहीं कि जाएगी। उन्होंने कहा, "जनता ने जो प्यार और समर्थन दिया है, भाजपा उसे क्षेत्र के विकास के रूप में लौटाएगी।"

पूर्व विधायक पर साधा निशाना

पूर्व विधायक नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती पर सीधा प्रहार करते हुए उन्होंने कहा, "मैं 'नरेन' नहीं हूं जो चुनाव जीतने के बाद विरोधी दल के समर्थकों पर अत्याचार शुरू कर दूं। लोकतंत्र में हर व्यक्ति को अपनी विचारधारा चुनने का अधिकार है।" उन्होंने कड़े शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य का स्पष्ट निर्देश है कि विजय के उत्साह में कोई भी कार्यकर्ता हिंसा का सहारा न ले। क्षेत्र से खबरें आ रही हैं कि कुछ लोग व्यक्तिगत रंजिश निकालने के लिए भाजपा का झंडा थामकर विरोधी कार्यालयों पर कब्जे की साजिश रच रहे हैं। ऐसे असामाजिक तत्वों को चिह्नित किया जाए, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।"

विकास और रोजगार पहली प्राथमिकता

विधायक ने स्पष्ट किया कि चुनाव संपन्न होने के बाद अब वह किसी दल विशेष के नहीं, बल्कि पूरे विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं। उन्होंने अपनी प्राथमिकताओं को गिनाते हुए कहा कि उनका मुख्य लक्ष्य युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा करना, हर गरीब के सिर पर पक्की छत सुनिश्चित करना और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास और बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना है। इस दौरान 'जय श्री राम' के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। समर्थकों ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर अपनी खुशी का इजहार किया।

SCROLL FOR NEXT