झाड़ग्राम: राज्य पुलिस की जंगलमहल बटालियन के सब-इंस्पेक्टर (एसआई) जयदेव चटर्जी (32) पर अपने पिता और माँ की हत्या का आरोप लगा है। बुधवार की रात उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से अपने पिता और मां को गोली मार दी। पिता और मां की हत्या करने के बाद उसने खुद को भी गोली मार ली। पुलिसकर्मी का फिलहाल झाड़ग्राम अस्पताल में इलाज चल रहा है।
स्थानीय सूत्रों से जानकारी मिली कि जयदेव मूल रुप से आसनसोल का रहने वाला है लेकिन वह काम के चलते झाड़ग्राम पुलिस लाइंस में एक किराए के मकान में रहता था। उसके पिता और मां उसके साथ रहते थे। उसके पिता का नाम देबब्रत चटर्जी (62) और उनकी मां का नाम शंपा चटर्जी (50) है। सूत्रों के अनुसार बुधवार की रात को पड़ोसियों ने जयदेव के किराए के घर से एक के बाद एक कई गोलियों के चलने की आवाज सुनी तो पुलिस को सूचित किया। खबर मिलने पर झाड़ग्राम पुलिस रात में ही मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आकर शंपा, देबब्रत और जयदेव को रक्तरंजित हालत में बरामद किया। जब उन्हें झाड़ग्राम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल ले जाया गया, तो ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर ने जयदेव के पिता और मां को मृत घोषित कर दिया और जयदेव को भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने देबब्रत और शम्पा के शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार प्राथमिक रुप से आशंका प्रकट की जा रही है कि जयदेव ने किसी बात को लेकर पहले अपने मां बाप को गोली मारी और उसके बाद उसने स्वंय को भी गोली मार ली लेकिन वह बय गया और झाड़ग्राम अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।