टोटो ड्राइवरों को रूट के बारे में बताते एसीपी ट्रैफिक आसनसोल  
आसनसोल

17 सितंबर से आसनसोल में टोटो के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू

DCP ट्रैफिक का कड़ा आदेश

Suraj Choudhary

सूरज, सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : शहर में बढ़ती जाम और अव्यवस्था को देखते हुए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट ने सख्त कदम उठाया है। डीसीपी ट्रैफिक की ओर से आदेश जारी किया गया है कि 17 सितंबर से जीटी रोड समेत मुख्य सड़कों पर टोटो के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जाएगा। नो-एंट्री जोन और हाईवे पर टोटो चलाने पर जुर्माना लगाया जाएगा। नाबालिग द्वारा टोटो चलाते पाए जाने पर वाहन मालिक के खिलाफ कार्रवाई होगी। एसीपी ट्रैफिक आसनसोल विश्वजीत साहा ने कहा है कि दुर्गा पूजा से पहले शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करना जरूरी है। कई जगहों पर टोटो के कारण एंबुलेंस और स्कूल बसों तक को जाम का सामना करना पड़ रहा है। ट्रैफिक पुलिस ने सभी टोटो ड्राइवरों से नियमों का पालन करने और वैध कागजात के साथ ही सड़क पर चलने की अपील की है। पुलिस की ओर से साफ कहा गया है कि टोटो सिर्फ जारी किए गए रूट पर ही चलाएं। NH, जीटी रोड और नो टोटो जोन में टोटो चलाते पकड़े जाने पर कार्रवाई होगी। नियम तोड़ने पर 500 से 2000 रुपये तक जुर्माना ,बार-बार नियम तोड़ने पर टोटो जब्त और लाइसेंस रद्द करने की भी कार्रवाई होगी । हीरापुर, आसनसोल साउथ, आसनसोल साउथ पीपी एवं आसनसोल नॉर्थ टीजी के प्रभारी ने बताया कि शहर में रूट के अनुसार हर टोटो को अपने जोन में ही चलना होगा। इससे शहर में लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। यह अभियान 17 सितंबर से शुरू हो रहा है और दुर्गा पूजा तक लगातार जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT