आसनसोल

अंडाल स्टेशन से हथियारों के जखीरे के साथ तस्कर गिरफ्तार

अभियुक्त के पास से एसटीएफ को मिला अवैध हथियारों का जखीरा

अंडाल : पश्चिम बंगाल एसटीएफ को गुरुवार के दिन बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने अंडाल रेलवे स्टेशन से हथियारों के सौदागर को गिरफ्तार करते हुए अवैध हथियारों की तस्करी को रोक दिया। गिरफ्तार अभियुक्त का नाम अशराफुल अंसारी उर्फ चाना है। वह बिहार के बांका इलाके का रहने वाला है। उसके पास से एसटीएफ को अवैध हथियारों का जखीरा मिला है। जानकारी के अनुसार अंडाल के रास्ते हथियारों की तस्करी की सूचना मिलने पर एसटीएफ ने अंडाल रेलवे स्टेशन पर चौकसी बढ़ा दी थी। सुबह करीब 11 बजे एसटीएफ ने अशराफुल को प्लेटफार्म पर रोककर तलाशी ली तो उसके पास से 10 अवैध सिंगल शटर पाइपगन मिले। पूछताछ के दौरान उसने बताया कि वह उक्त अवैध हथियारों को उखड़ा इलाके में किसी को रुपये के बदले देने जा रहा था। अंडाल जीआरपी थाना में एसटीएफ ने इस बावत शिकायत दर्ज कराई है। अभियुक्त इतनी बड़ी संख्या में अवैध हथियार कहां से ला रहा था, किसे सप्लाई करने जा रहा था, कब से वह हथियारों की तस्करी कर रहा है, इससे पहले वह और कहां -कहां अवैध हथियारों की सप्लाई कर चुका है, हथियारों की तस्करी में उसके साथ और कौन-कौन शामिल है व अन्य सवालों का जवाब ढूंढने के प्रयास में पुलिस जुट गई है।

SCROLL FOR NEXT