पकड़ी गई हिलिस मछली  
आसनसोल

दामोदर नदी में मिलीं रूपहली हिलिस मछलियां

पूर्व बर्दवान के खंडघोष स्थित बेलाडांगा इलाके में दामोदर नदी में जाल डालते ही एक मछुआरे के जाल में दो हिलिस मछलियां फंस गईं

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

बर्दवान : ​पद्मा और गंगा के बाद अब दामोदर नदी में भी हिलिस मछली मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई है और मछुआरों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई है। हालांकि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है, इससे पहले भी कई बार दामोदर नदी में रूपहली हिलिस मिलने की खबरें आ चुकी हैं। यहां तक कि इस नदी में गांगेय डॉल्फिन और विशालकाय कतला मछली मिलने की भी जानकारी सामने आई है। अब एक बार फिर हिलसा के मिलने से दामोदर के आसपास के विस्तृत क्षेत्र के मछुआरों में खुशी का माहौल है।

क्या है पूरा मामला

​जानकारी के मुताबिक, स्थानीय मछुआरा सनातन सरकार रोज की तरह दामोदर नदी में मछली पकड़ने गए थे। मछली पकड़ते समय जैसे ही उन्होंने जाल उठाया, उन्हें जाल में दो हिलिस मछलियां दिखाई दीं। हड़बड़ी में जाल खींचते समय एक मछली तो जाल से निकलकर भाग गई, लेकिन लगभग 800 ग्राम वजनी दूसरी मछली को वह बाहर खींचने में सफल रहे। इसके बाद जैसे ही उन्होंने अन्य मछुआरों और स्थानीय लोगों को हिलिस मिलने की बात बताई, तो उत्सुक लोगों की भीड़ जमा होने लगी।

क्या कहना है विशेषज्ञों का

विशेषज्ञों का कहना है कि ज्वार-भाटे के कारण अक्सर गंगा से कई प्रकार के जलीय जीव गंगा से जुड़ने वाली अन्य नदियों में चले जाते हैं या फिर भोजन की तलाश में भी आ जाते हैं। इसके बावजूद दामोदर में हिलसा का मिलना स्थानीय लोगों के लिए सचमुच काफी हैरान करने वाला है।

SCROLL FOR NEXT