सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : सिख वेलफेयर सोसाइटी की ओर से सिख एजुकेशन अवार्ड 2026 के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 1 नवंबर की शाम रवींद्र भवन में होने वाले कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। सोसाइटी के संस्थापक अध्यक्ष सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस कार्यक्रम के तहत शिक्षा और खेल के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले सिख छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में बेबे नानकी अवार्ड, कौम दे हीरे और सिंह इज किंग अवार्ड सहित कई प्रतिष्ठित पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 10वीं और 12वीं कक्षा में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया जाएगा। इसके साथ ही ग्रेजुएशन और पोस्ट ग्रेजुएशन पूरा करने वाले विद्यार्थियों और खेल जगत में नाम रोशन करने वाले बच्चों को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।
बर्दवान से निरसा-कुमारडूबी तक के विद्यार्थी होंगे शामिल
सुरजीत सिंह मक्कड़ ने बताया कि इस अवार्ड समारोह में बर्दवान से लेकर निरसा और कुमारडूबी तक के सिख विद्यार्थी शामिल होंगे। उन्होंने सभी गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटियों और सिख संस्थाओं से कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है।
25 अक्टूबर तक जमा करें दस्तावेज
सोसाइटी की ओर से अपील की गई है कि सम्मान पाने के इच्छुक छात्र-छात्राएं 25 अक्टूबर तक अपनी मार्कशीट की फोटोकॉपी के साथ अपना फोन नंबर जमा कर दें। बैठक में कमलजीत सिंह, गुरदीप सिंह, हरजीत सिंह मक्कड़, जसपाल सिंह, महिंदर सिंह सलूजा, जगजीत सिंह मक्कड़, जसबीर सिंह संधू, सुखबीर सिंह, हरप्रीत सिंह बग्गा, दलजीत सिंह पप्पू और सोहन सिंह समेत कई सदस्य उपस्थित थे।