आसनसोल

सिदुली कोलियरी में भीषण एयर ब्लास्ट, खदान में घुसा पानी

रविवार होने से बची सैकड़ों जानें

Gopal Kumar Singh

संजय, सन्मार्ग संवाददाता

अंडाल: ईसीएल के केंदा एरिया स्थित सिदुली कोलियरी में रविवार सुबह अचानक हुए भीषण एयर ब्लास्ट से हड़कंप मच गया। धमाका इतना जबरदस्त था कि खदान के ऊपरी हिस्से में स्थित बाउरी पाड़ा और माझी पाड़ा तक की धरती कांप गई। गनीमत रही कि रविवार की नाइट शिफ्ट होने के कारण खदान के भीतर सिर्फ मेंटेनेंस का काम चल रहा था और उस वक्त केवल 2 कर्मी ही ड्यूटी पर थे। दोनों कर्मियों को तुरंत सुरक्षित बाहर निकालकर स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।

स्थानीय लोगों और जानकारों का कहना है कि यदि यह हादसा किसी सामान्य कार्यदिवस में हुआ होता, तो खदान के भीतर सैकड़ों मजदूर फंस सकते थे और एक बड़ी जनहानि हो सकती थी।

जानकारी के अनुसार, बंद शंकरपुर ओसीपी (ओपन कास्ट प्रोजेक्ट) और पुरानी बंद सीम से भारी मात्रा में पानी रिसकर भूमिगत खदान में घुस गया। इसी दबाव के चलते जोरदार एयर ब्लास्ट हुआ।

घटना की जानकारी मिलते ही ईसीएल प्रबंधन के वरिष्ठ अधिकारी दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और सुरक्षा कारणों से पूरी कोलियरी परिसर की घेराबंदी कर दी गई है।

इस गंभीर हादसे के बाद कोलियरी के संचालन और भविष्य पर बड़ा सवालिया निशान लग गया है।

सिदुली कोलियरी में लगभग 550 श्रमिक कार्यरत हैं। यहां से रोजाना औसतन 220 टन कोयले का उत्पादन होता है।

SCROLL FOR NEXT