बर्नपुर : बर्नपुर बाजार के अंदर स्थित डस्टबिन के कारण वहां के दुकानदार परेशान हैं। बाजार के अंदर से डस्टबिन को वहां से हटाने को लेकर सेल आईएसपी के टाउन विभाग से मांग की जा रही है। दुकानदारों का आरोप है कि पूरा बाजार का कचरा इसी डस्टबिन में डाला जाता है, साथ ही बाजार के पीछे छाई गादा पर जानवरों के अवशेष फेंके जाने से दुकानदारों का बैठना मुश्किल हो गया है। बर्नपुर बाजार कमेटी के सचिव जगदीश सिंह मक्कर उर्फ काले सिंह ने बताया कि डस्टबिन के कारण इतनी दुर्गंध आती है कि दुकान में बैठना मुश्किल हो गया है। साथ ही बताया कि जब सेल आईएसपी की गाड़ी कचरा उठाने आती है तो आने-जाने वालों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस समस्या के समाधान के लिए सेल आईएसपी के टाउन विभाग से बात कर डस्टबिन को बाजार के अंदर से हटाकर बाहर नाला के उस पार छाई गादा पर किया जाये। वहीं कई दुकानदार हरेराम साव, भरत साव, भोला साव, कार्तिक साव, जगन्नाथ साव, खिरोदन गुप्ता का कहना है कि छाई गादा पर जानवरों का अवशेष फेंकने पर उसके सड़ने से चारों तरफ दुर्गंध फैल जाती है, इस कारण वहां बैठना मुश्किल हो रहा है। बर्नपुर बाजार कमेटी के सदस्यों ने बताया कि डस्टबिन हटाने को लेकर सेल आईएसपी के टाउन विभाग ने कहा कि इस समस्या का समाधान आने वाले सीएसआर फंड से किया जायेगा।