कुल्टी : कोलकाता में आंदोलन कर रहे नौकरी से बर्खास्त योग्य शिक्षकों पर पुलिस ने लाठी चार्ज किया। इसके खिलाफ कुल्टी ब्लॉक कांग्रेस की ओर से धरना देकर प्रदर्शन किया गया। पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सुकांत दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बराकर - बैगुनिया मोड़ पहुंच कर विद्यासागर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। बाद में लाठी चार्ज के खिलाफ प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में शामिल पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष सुकांत दास ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस सरकार पूरी तरह भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। इस सरकार की गलती का खामियाजा 26 हजार योग्य शिक्षकों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि नौकरी से बर्खास्त शिक्षक अपने हक को पाने के लिए कोलकाता में आंदोलन कर रहे हैं। वहीं कोलकाता पुलिस ने आंदोलन कर रहे शिक्षकों पर लाठी चार्ज किया है। मुख्यमंत्री को इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुये त्यागपत्र दे देना चाहिये। इस अवसर पर पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाराधन मंडल, जाकिर हुसैन, बबलू क्षेत्रपाल, मो. सिराजुल, बबन लायक, मलय मंडल सहित काफी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।