पथावरोध करते स्थानीय स्थानीय लोग  
आसनसोल

शराब दुकान बंद कराने की मांग को लेकर स्थानीय लोगों का प्रदर्शन

एक घंटे तक किया सड़क जाम

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

पुरुलिया : शराब की दुकान बंद कराने की मांग को लेकर शुक्रवार सुबह काशीपुर हुड़ा सड़क के पाड़ा इलाके में स्थानीय लोगों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान आंदोलनकारियों ने एक विदेशी शराब की लाइसेंस प्राप्त दुकान के सामने सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले इस सड़क अवरोध के कारण आवागमन प्रभावित रहा।

प्रदर्शन में महिलाओं की संख्या सबसे अधिक देखने को मिली। आंदोलनकारियों का स्पष्ट कहना था कि वे किसी अन्य मांग को लेकर प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उनकी एकमात्र मांग है कि इलाके में किसी भी कीमत पर शराब की दुकान संचालित नहीं होने दी जाएगी। इस मुद्दे पर ही प्रशासन के साथ बातचीत की जाएगी।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों के साथ बातचीत की और उनकी मांगों को सुना। प्रशासन की ओर से मामले पर विचार-विमर्श करने का आश्वासन दिए जाने के बाद करीब एक घंटे से जारी सड़क अवरोध समाप्त हुआ।

हालांकि, आंदोलनकारी अपनी मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल प्रशासन की ओर से संबंधित लाइसेंस प्राप्त विदेशी शराब की दुकान को बंद रखने का निर्देश दिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब तक इलाके से शराब की दुकान हटाने की मांग पूरी नहीं होती, तब तक उनका विरोध जारी रहेगा।

SCROLL FOR NEXT