आसनसोल : राज्य पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने अवैध हथियार के मामले में शमशेर हुसैन को झारखंड की राजधानी रांची से गिरफ्तार कर लिया है। अभियुक्त शमशेर अंडाल थाना क्षेत्र के बहुला प्योर जामबाद का रहने वाला है। सूत्रों के अनुसार, STF की टीम ने जामुड़िया थाने में दर्ज एक मामले के सिलसिले में गुप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस गिरफ्तारी को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
वाममोर्चा काल में उभरा, TMC शासन में फैलाया साम्राज्य
शमशेर हुसैन का नाम आसनसोल-रानीगंज कोयलांचल क्षेत्र में अवैध कोयला कारोबार का एक बड़ा चेहरा माना जाता है। सूत्रों के मुताबिक, राज्य में वाममोर्चा के शासनकाल के दौरान शेमशेर ने अवैध कोयला कारोबार की दुनिया में कदम रखा था। तृणमूल कांग्रेस (TMC) के शासनकाल में उसका नेटवर्क तेजी से फैला। आरोप है कि कोयले के अवैध धंधे के अलावा विभिन्न कोलियरियों में 'रोड सेल' के तहत कोयले की लिफ्टिंग के नाम पर रंगदारी वसूलने वाले सिंडिकेट का भी वह प्रमुख चेहरा था। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी के बाद से पूरे आसनसोल-रानीगंज कोयलांचल इलाके में हड़कंप मच गया है और यह मामला स्थानीय स्तर पर चर्चा का मुख्य विषय बना हुआ है।