एसपी, सन्मार्ग संवाददाता
कुल्टी : बीते एक सप्ताह से वार्ड नं. 70 अंतर्गत कुल्टी 12 नम्बर लोको लाइन इलाके में जलापूर्ति नहीं हो रही है जिसके खिलाफ स्थानीय महिलाओं ने लोको लाइन से एलसी मोड़ एवं बराकर जाने वाली सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। इसकी सूचना मिलते ही कांग्रेस नेता रवि यादव लोको लाइन पहुंचे। उन्होंने रोड जाम का समर्थन किया। रवि यादव ने कहा कि बीते 3 -4 वर्षों से इस इलाके में जलापूर्ति की समस्या बनी हुई है। पहले सेल ग्रोथ वर्क्स प्रबंधन कुल्टी की ओर से पानी की आपूर्ति की जाती थी। वहीं अब लोको लाइन इलाके में रेलवे की पाइप लाइन एवं तकनीकी समस्या को लेकर जलापूर्ति ठप है। इस कारण इलाके में लगभग 5 सौ घरों के लोग एवं स्थानीय प्राथमिक स्कूल के बच्चे एवं शिक्षक प्रभावित हैं। कांग्रेस नेता रवि यादव ने स्थानीय भाजपा विधायक व पीएचई मंत्री पर आरोप लगाया कि उन्हें जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है। उन्होंने कहा कि कुल्टी के विधायक पीएचई मंत्री हैं। इसके बावजूद कुल्टी के लोगों को पानी की आपूर्ति नहीं की जा रही है। इससे बड़ी शर्मनाक बात और क्या हो सकता है। स्थानीय महिलाओं ने बताया कि कुल्टी लोको लाइन के लोग रेलवे पाइप से पानी की आपूर्ति कर रहे हैं जो कभी भी बंद हो सकता है। महिलाओं ने बताया कि बीते एक सप्ताह से इस इलाके में पानी की आपूर्ति नहीं होने से पीने के लिये पानी, खाना बनाने एवं कपड़ा धोने के लिये पानी की किल्लत बनी हुई है। महिलाओं ने बताया कि इसकी जानकारी स्थानीय विधायक व मंत्री को देकर शीघ्र ही पेयजल समस्या का समाधान करने की गुहार लगायी गयी है, लेकिन अब तक आश्वासन के सिवा कुछ भी नहीं मिला। महिलाओं ने कहा कि यदि शीघ्र ही कुल्टी 12 नंबर लोको लाइन में जलापूर्ति सुनिश्चित नहीं की गयी तो जीटी रोड जाम कर दिया जायेगा। वहीं सड़क जाम की सूचना मिलते ही कुल्टी पुलिस लोको लाइन पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय महिलाओं एवं कांग्रेस नेता रवि यादव को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाया और परिवहन सेवा बहाल किया। इस विषय में बात करने पर स्थानीय विधायक व मंत्री डॉ. अजय पोद्दार ने कहा कि जल्द ही समस्या का समाधान कर जलापूर्ति आरंभ की जायेगी।