सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
बर्नपुर : सेल आईएसपी बर्नपुर अस्पताल के आउटडोर में मरीजों को ले जाने के लिए व्हील चेयर की भारी कमी देखने को मिली। गुरुवार को अस्पताल परिसर में एक पैरालिसिस मरीज को करीब 20 मिनट तक टोटो में बैठकर व्हील चेयर का इंतजार करना पड़ा। इस दौरान मरीज के परिजन अस्पताल परिसर में व्हील चेयर के लिए इधर-उधर भटकते रहे, लेकिन उन्हें समय पर व्हील चेयर नहीं मिली। बताया जा रहा है कि मरीज को इलाज के लिए आउटडोर में लाया गया था। पैरालिसिस होने के कारण मरीज खुद से चलने-फिरने में असमर्थ था। टोटो से उतरने के बाद उसे व्हील चेयर की जरूरत थी, लेकिन अस्पताल में पर्याप्त व्हील चेयर नहीं होने के कारण उसे काफी देर तक टोटो में ही बैठा रहना पड़ा। तेज धूप और भीड़ के बीच मरीज की परेशानी बढ़ती गई। परिजनों ने कई बार अस्पताल कर्मियों से व्हील चेयर के लिए गुहार लगाई, लेकिन कोई ठोस मदद नहीं मिली। इसी बीच अस्पताल की ओर से एक अन्य व्हील चेयर पर बैठे मरीज के रिश्तेदार को कहा गया कि आप जल्दी से व्हील चेयर खाली करें। इससे वहां मौजूद लोगों में नाराजगी देखी गई। वहीं अन्य मरीज के रिश्तेदार ने कहा कि एक मरीज को हटाकर दूसरे मरीज को बैठाना समस्या का समाधान नहीं है। अस्पताल प्रबंधन को व्हील चेयर की संख्या बढ़ानी चाहिए, ताकि किसी भी गंभीर मरीज को इस तरह इंतजार न करना पड़े। परिजनों ने कहा कि बर्नपुर अस्पताल जैसे बड़े अस्पताल में रोजाना सैकड़ों मरीज इलाज के लिए आते हैं। इनमें बुजुर्ग, पैरालिसिस, एक्सीडेंट और हड्डी रोग से पीड़ित मरीजों की संख्या अधिक होती है। ऐसे में व्हील चेयर की कमी होना बेहद चिंताजनक है। कई बार मरीजों को स्ट्रेचर और व्हील चेयर के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
अस्पताल प्रबंधन का पक्ष
अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि व्हील चेयर की कोई कमी नहीं है। उस समय जितनी भी व्हील चेयर थीं, सभी पर पेशेंट थे, इसलिए मरीज को थोड़ा इंतजार करना पड़ा। अस्पताल में आने वाले सभी मरीजों को बारी-बारी से व्हील चेयर उपलब्ध कराई जाती है।
रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास बाथरूम की दुर्गंध से मरीज परेशान : बर्नपुर अस्पताल के रजिस्ट्रेशन काउंटर के पास मरीजों को पर्ची पर स्टांप कराने में बाथरूम की दुर्गंध से काफी परेशानी हो रही है। काउंटर के ठीक बगल में स्थित बाथरूम से लगातार बदबू आती रहती है, जिससे मरीजों को लाइन में खड़ा रहना मुश्किल हो जाता है। बुजुर्ग, बच्चे और बीमार मरीजों को दुर्गंध के कारण उल्टी और घुटन महसूस होती है। मरीजों में एक्सिक्यूटिव और नॉन एक्जीक्यूटिव के परिजन ही हॉस्पिटल में डॉक्टर को दिखाने आते है। मरीजों ने प्रबंधन से बाथरूम की नियमित सफाई और काउंटर को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की है।