सन्मार्ग संवाददाता
आद्रा : दक्षिण पूर्व रेलवे के आद्रा मंडल में अनुरक्षण कार्य के लिए 28 सितंबर से 4 अक्टूबर तक चलने वाले एक सप्ताह के रोलिंग ब्लॉक का असर रेल परिचालन पर पड़ेगा। इस दौरान कई मेमू ट्रेनों को अलग-अलग तारीखों पर रद्द किया गया है, जबकि कुछ ट्रेनों का परिचालन बीच के स्टेशनों तक ही सीमित रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से बदलाव को ध्यान में रखकर यात्रा की योजना बनाने की अपील की है।
ये ट्रेनें रहेंगी रद्द
आसनसोल–आद्रा–आसनसोल 68046/68045 मेमू 28, 29, 30 सितंबर तथा 1, 3 और 4 अक्टूबर को रद्द रहेगी। वहीं आद्रा–भागा–आद्रा 68077/68078 मेमू 29 सितंबर और 4 अक्टूबर को तथा आद्रा–बाराभूम–आद्रा 68053/68054 मेमू 1 अक्टूबर को नहीं चलेगी।
इन ट्रेनों का परिचालन रहेगा सीमित
खड़गपुर–हटिया–खड़गपुर 18035/18036 एक्सप्रेस 30 सितंबर और 1 अक्टूबर को आद्रा तक ही चलेगी। इस दौरान आद्रा–हटिया–आद्रा खंड में ट्रेन की सेवा रद्द रहेगी। इसी तरह आसनसोल–पुरुलिया–आसनसोल 63594/63593 मेमू 29 सितंबर से 1 अक्टूबर तक आद्रा में ही समाप्त और प्रारंभ होगी तथा आद्रा–पुरुलिया खंड में नहीं चलेगी। इसके अलावा 68053/68054 आद्रा–बाराभूम–आद्रा मेमू 28 सितंबर को पुरुलिया तक ही चलेगी। पुरुलिया–बाराभूम–पुरुलिया खंड में इसका परिचालन रद्द रहेगा।