सूरज, सन्मार्ग संवाददाता
आसनसोल : शारदीय दुर्गा पूजा के दौरान उमड़ने वाली भीड़ और सड़क हादसों को रोकने के लिए आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट (ADPC) ट्रैफिक पुलिस ने इस बार जन-जागरूकता के लिए एक अनोखा और आकर्षक तरीका अपनाया है। शहर के गैलेक्सी मॉल स्थित हीरापुर टीजी के पास भीड़-भाड़ वाले इलाके में 'सेल्फी जोन - क्लिक ए सेफर टुमॉरो और 'साइन फॉर सेफ्टी - सेफर रोड्स सेफर वेस्ट बंगाल अभियान की शुरुआत की गई है, जिसका उद्घाटन सीपी डॉक्टर प्रणव कुमार ने किया।
क्या है सेल्फी जोन?
ट्रैफिक पुलिस द्वारा लगाए गए सेल्फी जोन में एक बड़ा कटआउट लगाया गया है, जिसमें हेलमेट पहने एक बाइकर बना हुआ है। लोग हेलमेट के अंदर बने होल में चेहरा डालकर सेल्फी ले रहे हैं। जो शेफ राइडर हैप्पी लाइफ का संदेश लिखा है। मौके पर डीसीपी ट्रैफिक अविनाश जधावड़ ने बताया कि इसका मकसद खासकर युवाओं में हेलमेट के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। हेलमेट पहनें यह आपके सिर की रक्षा करता है। स्ट्रैप बांधें हेलमेट को अपनी जगह पर रखता है। ध्यान न भटकाएं केंद्रित रहें, सुरक्षित रहें। गति सीमा का पालन करें और सुरक्षित चलें, सुरक्षित पहुंचें। आगे बताया कि पूजा के दौरान लोग उत्साह में अक्सर ट्रैफिक नियमों को भूल जाते हैं। सेल्फी और हस्ताक्षर जैसे इंटरैक्टिव माध्यम से लोगों को, खासकर युवाओं को, नियमों के प्रति जागरूक करना आसान होता है। इस मौके पर एसीपी ट्रैफिक हेडक्वार्टर विश्वजीत साहा, एसीपी हीरापुर मिहिर कुमार डे, ट्रैफिक इंस्पेक्टर हेडक्वार्टर शुभेंदु चटर्जी, टीआई -1 अचिन्तो सरकार, हीरापुर थाना ओसी अखिलेश सिंह, हीरापुर टीजी ओसी अमिनुर रहमान खान, स्नेहनवीता मंडल, गैलेक्सी मॉल के डीजीएम सुबीमल एवांन, सुप्रदीप मुखर्जी सहित अन्य लोग मौजूद थे।