दुर्गापुर : कांकसा के सिलामपुर इलाके में कथित तौर पर प्रति वाहन 500 रुपये रंगदारी वसूली को लेकर विवाद काफी बढ़ गया। आरोप है कि रंगदारी नहीं मिलने पर बालू घाट के एक कर्मी पर पत्थर से हमला कर उसका सिर फोड़ दिया गया। इस घटना के संबंध में स्थानीय लोगों ने बताया कि सिलामपुर के काटा बागान क्षेत्र में रात होते ही बालू लदे ट्रक, ट्रैक्टर और डंपरों से पैसे वसूले जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं। आरोप है कि पैसे नहीं देने पर सड़क खराब होने का बहाना बनाकर प्रदर्शन कर रास्ता जाम किया जाता है। इस बीच वैध बालू घाट से वैध चालान लेकर एक ट्रक लौट रहा था। उसी दौरान कुछ युवकों ने वाहन को रोककर पैसे की मांग की और धमकी दी। सूचना मिलने पर बालू घाट कर्मचारी अरूप घोष मौके पर पहुंचे और पैसे देने से इनकार किया। इसी दौरान राजा बाउरी नामक युवक ने पत्थर से हमला कर उसे बुरी तरह जख्मी कर दिया। उनके सिर पर गंभीर चोट लगी। वहीं घटना के बाद इलाके में तनाव फैल गया। अन्य कर्मचारियों ने घायल अरूप घोष को पानागढ़ ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर कांकसा थाना पुलिस और केंद्रीय बल के जवान मौके पर पहुंचे तथा राजा बाउरी को हिरासत में लेकर थाने ले गए। घटना के बाद अरूप घोष की लिखित शिकायत पर पुलिस ने अभियुक्त को गिरफ्तार करके अनुमंडल अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद अभियुक्त की जमानत को नामंजूर कर दिया। इस दौरान बालू घाट के कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में रात के समय नियमित रूप से रंगदारी वसूली की जाती है। वहीं पैसे देने पर माहौल शांत रहता है, लेकिन पैसे नहीं देने पर मारपीट, वाहन में तोड़फोड़ और उत्पीड़न जैसी घटनाएं होती हैं। इलाके में रंगदारी के कारण बालू घाट से काम करना मुश्किल हो गया है। इस दौरान वाहन कर्मियों से रंगदारी टैक्स लिया जा रहा है।