अंडाल : अंडाल स्थित डीवीसी की इकाई दुर्गापुर स्टील थर्मल पावर स्टेशन (DSTPS) में सुरक्षा संस्कृति को सुदृढ़ करने की दिशा में एक अहम पहल की गई। नवनियुक्त सीजीएम एवं एचओपी एके जैन के निर्देशानुसार, सुरक्षा विभाग की ओर से तकनीकी भवन के समक्ष 'मास टूलबॉक्स टॉक' का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में प्लांट के विभिन्न विभागों से 100 से अधिक अधिकारियों, कर्मचारियों और श्रमिकों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एके जैन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सुरक्षा को केवल नियमों की किताब तक सीमित नहीं रखा जा सकता, बल्कि इसे एक जीवनशैली के रूप में अपनाना होगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि कोई भी कार्य या उत्पादन लक्ष्य मानव जीवन की सुरक्षा से अधिक महत्वपूर्ण नहीं है। उन्होंने सभी कर्मचारियों को आह्वान किया कि वे कार्यस्थल पर सुरक्षा की व्यक्तिगत जिम्मेदारी लें और किसी भी असुरक्षित स्थिति की जानकारी तुरंत प्रबंधन को दें।
इन बिंदुओं पर रहा विशेष जोर
कार्यक्रम के दौरान मानक परिचालन प्रक्रियाओं (एसओपी) के कड़ाई से पालन, पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) के अनिवार्य उपयोग और 'नियर-मिस' घटनाओं की रोकथाम पर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान एक अनुभव साझाकरण सत्र भी आयोजित हुआ, जिसमें कर्मचारियों ने अपने व्यावहारिक अनुभवों के जरिए बताया कि कैसे थोड़ी-सी सतर्कता और टीमवर्क से बड़ी दुर्घटनाओं को टाला जा सकता है।
इन अधिकारियों की रही मौजूदगी
इस अवसर पर वरिष्ठ महाप्रबंधक (ओ एंड एम) सुकदेव खां, महाप्रबंधक (मेंटेनेंस) एसआर पांडा, उप-महाप्रबंधक (सुरक्षा) संदीप कर्मकर, महाप्रबंधक (एएमएस) राजेश लायक, उप-महाप्रबंधक (सी एंड एम) ऋषिकेश कुमार तथा उप-महाप्रबंधक (एचआर) श्रीकांथ गेडाला सहित डीवीसी के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सुरक्षा शपथ के साथ हुआ, जिसमें सभी ने सुरक्षित कार्यशैली अपनाने की प्रतिबद्धता दोहराई।