आसनसोल

मुर्गासोल इलाके में बदमाशों का तांडव

रात के अंधेरे में गाड़ी पर पथराव कर किया क्षतिग्रस्त

Gopal Kumar Singh

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल: इन दिनों आसनसोल के मुर्गासोल इलाके में कुछ युवकों का उत्पात काफी बढ़ गया है। ताजा घटनाक्रम के तहत, गत दिनों बुलेट पर सवार दो युवकों ने घर के सामने खड़ी एक गाड़ी पर पथराव कर उसे नुकसान पहुंचाया।

​गाड़ी के मालिक अमरजीत सिंह ने बताया कि रात के 12:00 बजे के बाद एक बुलेट पर सवार दो युवक उधर से गुजरे और उनकी गाड़ी पर ताबड़तोड़ पत्थर फेंके। इस घटना में उनकी गाड़ी को काफी नुकसान पहुंचा है और पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

​उन्होंने बताया कि उन्होंने इस मामले की मौखिक शिकायत आसनसोल दक्षिण थाना पुलिस से कर दी है और जल्द ही थाने में इसकी लिखित शिकायत भी दर्ज कराएंगे। उन्होंने मांग की है कि इस प्रकार की घिनौनी हरकत को अंजाम देने वाले युवकों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाना चाहिए। हालांकि, पत्थर फेंकने वाले युवकों की पहचान स्पष्ट रूप से नहीं हो पा रही है, फिर भी पुलिस चाहे तो तकनीकी मदद से अभियुक्तों को पकड़ सकती है।

​इस घटना के बाद से इलाके के लोगों में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि रात के अंधेरे में किसी की गाड़ी पर पथराव कर उसे नुकसान पहुंचाना बेहद निंदनीय कार्य है। लोगों ने पुलिस से मांग की है कि वे इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए सख्त कदम उठाएं और दोषियों को तुरंत गिरफ्तार करें।

SCROLL FOR NEXT