आसनसोल

आरपीएफ ने 14 किलो चांदी किया जब्त

एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर की जा रही पूछताछ

आसनसोल : आसनसोल के बराचक रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की सतर्कता से एक बड़ी बरामदगी का मामला सामने आया है। गौरतलब है कि आरपीएफ की टीम ने एक संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके पास से करीब 14 किलो चांदी के गहने बरामद किए हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। वहीं इस मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि गहनों का स्रोत क्या है और क्या यह अवैध लेन-देन या टैक्स चोरी से जुड़ा मामला है।

क्या है घटना

सूत्रों के अनुसार संदिग्ध व्यक्ति मंगलावर सुबह बराचक रेलवे स्टेशन पर एक बैग के साथ ट्रेन का इंतजार कर रहा था। उसी दौरान वहां तैनात आरपीएफ के जवानों की नजर उस पर पड़ी। उसकी गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जवानों ने उसे रोककर उससे पूछताछ शुरू की। वहीं उसके हाव-भाव और जवाबों में असंगति देखकर आरपीएफ को शक गहरा हो गया। इसके बाद आरपीएफ टीम ने उसके बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से भारी मात्रा में चांदी के गहने बरामद हुए। अभियुक्त इन गहनों के संबंध में वैध कागजात, बिल या अन्य दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए आरपीएफ की टीम अभियुक्त को तुरंत कुमारपुर स्थित बराचक आरपीएफ पोस्ट लेकर आई। वहीं मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए आरपीएफ ने तुरंत इनकम टैक्स विभाग को भी इसकी सूचना दी। फिलहाल इस पूरे मामले में आरपीएफ और इनकम टैक्स विभाग की संयुक्त जांच जारी रखी है।

SCROLL FOR NEXT