आसनसोल

अगस्त माह में 88,044 रुपये मूल्य की अवैध शराब आरपीएफ ने की जब्त

यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : रेलवे सुरक्षा बल देश भर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में 'ऑपरेशन सतर्क' के तहत लगातार अवैध शराब और तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही है। इसी क्रम में आरपीएफ वेस्ट पोस्ट, आसनसोल मंडल द्वारा आसनसोल स्टेशन क्षेत्र में अभियान चलाकर अवैध शराब के साथ 1 व्यक्ति को गिरफ्तार किया। जब्त की गई शराब एवं गिरफ्तार व्यक्ति को अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु संबंधित आबकारी विभाग को सौंप दिया गया। आरपीएफ वेस्ट पोस्ट आसनसोल मंडल के प्रभारी बिमान गोराई ने कहा कि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आरपीएफ लगातार कार्रवाई कर रही है।

अब तक 88,044 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त

आरपीएफ वेस्ट पोस्ट आसनसोल मंडल के प्रभारी बिमान गोराई ने कहा कि ऑपरेशन सतर्क के तहत अगस्त 2026 माह में अब तक कुल 88,044 रुपये मूल्य की अवैध शराब जब्त की गई है। 7 अगस्त 2026 को आसनसोल वेस्ट पोस्ट द्वारा 29,240 रुपये मूल्य की अवैध शराब बरामद की गई और एक अभियुक्त को पकड़ा गया। 10 अगस्त को वेस्ट पोस्ट आसनसोल ने जामताड़ा आरपीएफ के साथ संयुक्त अभियान चलाकर 51,060 रुपये की शराब जब्त की थी। 16 अगस्त 2026 को रेलवे परिसर से 6,120 रुपये मूल्य की 6 बोतल विदेशी शराब जब्त की गई। 18 अगस्त को आसनसोल स्टेशन क्षेत्र से 47,984 रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब और 3 तस्करों को गिरफ्तार किया गया। वहीं 19 अगस्त को जांच के दौरान 4700 रुपये मूल्य की अवैध विदेशी शराब जब्त की गई और एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया। जब्त की गई सभी खेपों को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए संबंधित आबकारी विभाग को सौंप दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT