आसनसोल : आसनसोल मंडल के विभिन्न आरपीएफ पोस्ट द्वारा ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत लगातार कार्रवाई करते हुये कई बच्चों को बरामद किया गया है। गौरतलब है कि प्लेटफॉर्म और ट्रेन पेट्रोलिंग के दौरान रेलवे स्टेशन पर 1 जून से 18 जून के बीच 25 से ज्यादा बच्चों को बचाया गया है। आसनसोल मंडल आरपीएफ के वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त ने कहा कि ऑपरेशन नन्हे फरिश्ते के तहत आरपीएफ रेलवे परिसर में कमजोर बच्चों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में रेलवे सुरक्षा बल, मधुपुर पोस्ट के स्टाफ ने मधुपुर रेलवे स्टेशन पर घूमते हुये मिले एक नाबालिग बच्चे को सुरक्षित बचाया। बच्चे को आगे की देखभाल, परामर्श एवं पुनर्वास हेतु निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संबंधित चाइल्ड लाइन को सुरक्षित सौंप दिया गया।