आसनसोल : दिल्ली के लाल किला के पास हुये बम धमाका के बाद पूरे देश के साथ-साथ आसनसोल और इसके आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही पुलिस पूरी तरह से अलर्ट मोड में है और हर जगह कड़ी चौकसी बरती जा रही है। वहीं पूर्व रेलवे के आसनसोल डिवीजन के आसनसोल रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने सुरक्षा में कोई ढील नहीं दिखाई है। मंगलवार सुबह से ही जीआरपी और आरपीएफ के जवान रेलवे स्टेशन परिसर की तलाशी ले रहे थे। प्लेटफॉर्म, कैंटीन, पार्सल सेक्शन, पार्सल भंडारण क्षेत्र, स्टेशन के बाहर और अन्य सभी जगहों पर गहन तलाशी ली गई। पुलिस ने पार्किंग क्षेत्र पर भी विशेष नजर रखी है। वहीं आद्रा डिवीजन के बर्नपुर रेलवे स्टेशन एवं उसके आस-पास इलाके में आरपीएफ पोस्ट बर्नपुर के द्वारा गश्त कर तलाशी ली जा रही है। मौके पर आरपीएफ ओसी बर्नपुर ने बताया कि दिल्ली में हुये बम धमाका के बाद से ही चारों तरफ गश्ती की जा रही है। किसी पर शक होने पर उसकी तलाशी ली जा रही है। साथ ही पार्किंग, पार्सल भंडारण वाली जगहों पर जांच की जा रही है।