मुर्शिदाबाद : ग्रामीणों ने करीब तीन करोड़ रुपये की लागत से बन रही तीन किलोमीटर लंबी सड़क का काम रोक दिया है। उन्होंने इसमें बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है। यह घटना मुर्शिदाबाद जिले के भरतपुर-1 ब्लॉक के सरडांगा गांव में हुई। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, लंबे समय से मांग के बाद, ग्रामीण और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पथश्री योजना के तहत करीब तीन किलोमीटर सड़क का निर्माण शुरू किया गया था। हालांकि, काम शुरू होने के बाद से ही स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाने शुरू कर दिए थे। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार द्वारा तय शेड्यूल और स्टैंडर्ड को माने बिना घटिया सामग्री का इस्तेमाल कर बहुत कम लागत में सड़क बनाने की कोशिश की जा रही है। उनका दावा है कि सड़क के दोनों तरफ करीब सात इंच और बीच में सिर्फ तीन इंच की मोटाई के साथ काम किया जा रहा है, जो योजना द्वारा तय गुणवत्ता के मुताबिक नहीं है। स्थानीय लोगों को डर है कि अगर इस तरह सड़क बनाई गई तो यह कुछ ही समय में खराब हो जाएगी और सरकारी पैसा बर्बाद होगा। इसीलिए ग्रामीणों ने बुधवार को सड़क निर्माण का काम रोकवा दिया। ग्रामीणों की मांग है कि सड़क सरकारी नियमों और तय शेड्यूल के हिसाब से बनाई जाये, जिसमें सही गुणवत्ता बनाया रखा जाये। उन्होंने मामले की जांच के बाद प्रशासन से दखल करने की भी मांग की है। हालांकि, ठेकेदार कंपनी के एक अधिकारी ने कहा कि काम तय शेड्यूल के हिसाब से हो रहा है। भ्रष्टाचार के आरोप बेबुनियाद हैं।