आसनसोल

'ऋत्विक रुज का गला घोटकर की गई थी हत्या'

घटना का किया गया पुनर्निर्माण

सन्मार्ग संवाददाता

आसनसोल : आसनसोल साउथ थाना क्षेत्र के लोअर छिन्नमस्ता तुरीपाड़ा इलाके में ऋत्विक रुज (6) की हत्या मामले की जांच के तहत मंगलवार को पुलिस ने घटनास्थल पर घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया। बता दें कि एसीपी (सेंट्रल-1) अब्दुल गफ्फार के नेतृत्व में पुलिस अधिकारियों की टीम गिरफ्तार अभियुक्त शिवनाथ तुरी को घटनास्थल पर लेकर गई, जहां शव बरामद किया गया था। मौके पर अधिकारियों ने अभियुक्त से कई सवाल पूछे और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई। मौके पर एसीपी (सेंट्रल-1) अब्दूल गफ्फार ने कहा कि फिलहाल इस मामले में अधिक जानकारी साझा नहीं की जा सकती। पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि है कि पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने स्वीकार किया है कि उसने ही ऋत्विक की गला दबाकर हत्या की थी। अभियुक्त को घटनास्थल पर लाकर जांच के हित में घटनाक्रम का पुनर्निर्माण किया गया। वहीं भाजपा मंडल अध्यक्ष अंकुर राय ने कहा कि पुलिस आज अभियुक्त को घटनास्थल पर लेकर आई और पूरे मामले की जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी इस मामले को गंभीरता से देख रहे हैं और उन्होंने पुलिस से भी बातचीत की है।

SCROLL FOR NEXT