इम्तियाज, सन्मार्ग संवाददाता
दुर्गापुर : रेफ्रिजरेटर खोलते ही आठ बैग बासी खोया और बासी पनीर बाहर निकला। दुर्गापुर के मेन गेट, गोपालमाठ इलाके में एक मिठाई की दुकान पर छापा मारकर खाद्य सुरक्षा विभाग ने ये सभी अस्वास्थ्यकर खाद्य सामग्री बरामद की है। आरोप है कि मिठाई के गोदाम में तिलचट्टे घूम रहे थे और दिन पर दिन रेफ्रिजरेटर में यह खोया और पनीर जमा करके रखा गया था। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारियों ने अभियान चलाकर दुकान के रेफ्रिजरेटर में रखे आठ बैग खोया और बासी पनीर जब्त किए। इस मौके पर अधिकारियों ने बताया कि जब्त की गई खाद्य सामग्री की हालत बेहद अस्वास्थ्यकर थी। इन्हें लंबे समय से रेफ्रिजरेटर में रखा गया था। अभियान के दौरान सिर्फ बासी खोया और पनीर ही नहीं, बल्कि दुकान से एक्सपायरी रंग, कई तरह के केमिकल और ढाका कचौरी भी बरामद की गई। खाद्य सामग्री के भंडारण में स्वास्थ्य नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं, इस पर भी सवाल खड़े हुए हैं। खाद्य सुरक्षा विभाग के अधिकारी ने कहा कि ये सारा खोया पूरी तरह से अस्वास्थ्यकर है। लंबे समय से इसे रेफ्रिजरेटर में भरकर रखा गया था। हमने अभियान चलाकर इसे जब्त किया है। वहीं छापेमारी के बाद दुकान मालिक पर 5 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। साथ ही खाद्य सुरक्षा विभाग ने चेतावनी दी कि भविष्य में इस तरह से अस्वास्थ्यकर माहौल में कोई भी खाद्य सामग्री जमा करते पाया गया तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। डॉक्टर अनुराधा वेद ने कहा कि आने वाले दिनों में अस्वास्थ्यकर तरीके से कोई भी खाना रखे जाने पर सख्त कदम उठाया जाएगा। दुर्गापुर में लगातार अभियान से दुकानदारों में हड़कंप मचा हुआ है।