विनोद, सन्मार्ग संवाददाता
रानीगंज : सिंगल यूज प्लास्टिक के इस्तेमाल पर लगाम लगाने के लिए आसनसोल नगर निगम ने अपना रुख और सख्त कर लिया है। मंगलवार को नगर निगम के सेनिटरी विभाग की ओर से रानीगंज शहर की विभिन्न खाद्य दुकानों और होटल-रेस्तरां में विशेष जांच अभियान चलाया गया। सेनिटरी इंस्पेक्टर के नेतृत्व में निकली इस टीम ने दुकानों में जाकर प्लास्टिक के इस्तेमाल की बारीकी से जांच की और यह देखा कि खाद्य पदार्थों की पैकिंग में प्रतिबंधित प्लास्टिक का प्रयोग तो नहीं किया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, 125 माइक्रोन से कम मोटाई वाले सभी प्रकार के सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूरी तरह से प्रतिबंध लगा दिया गया है। निगम प्रशासन की ओर से बीते दो महीनों से लगातार इसके खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया जा रहा था, जिसके बाद 1 सितंबर से चालान और जब्ती की कार्रवाई शुरू की गई है। नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों पर मौके पर ही जुर्माना लगाया जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में भारी-भरकम जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी। सिंगल यूज प्लास्टिक को पर्यावरण और मानव स्वास्थ्य दोनों के लिए अत्यंत घातक माना जाता है। सिंगल यूज प्लास्टिक कारखानों को बंद नहीं करने के उठ रहे सवालों पर नगर निगम के अधिकारियों का तर्क है कि जब तक आम लोग और दुकानदार इस प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद नहीं करेंगे, तब तक इसकी मांग बनी रहेगी। मांग समाप्त होते ही इन कारखानों का उत्पादन स्वतः ही ठप हो जाएगा।