डीएम को ज्ञापन सौंपकर बाहर निकलते रानीगंज बचाओ कमेटी के पदाधिकारी  
आसनसोल

रानीगंज बचाओ मंच ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

ओसीपी की जगह अंडर ग्राउंड खनन करने की मांग

आसनसोल : रानीगंज के आसपास के क्षेत्रों में ओसीपी की जगह अंडर ग्राउंड खनन सहित विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार को रानीगंज बचाओ मंच की ओर से जिलाधिकारी एस पोन्नमबलम को ज्ञापन सौंपा गया। इस संबंध में मंच के संयोजक गौतम घटक ने कहा कि रानीगंज के आसपास के क्षेत्रों में ईसीएल की ओर से ओसीपी कोलियरी खोलने की तैयारी हो रही है। इससे प्रदूषण व बीमारी फैलने की आशंका है। क्षेत्र के जलस्तर का कम हो जाने का भय है। इस कारण यहां ओसीपी नहीं बल्कि अंडरग्राउंड खनन की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि रानीगंज में धंसान की बात कहकर बिल्डिंग प्लान जारी नहीं किया जा रहा है जो सरासर गलत है। यहां धंसान अब तक कहीं नहीं देखा गया। बड़े-बड़े फ्लैट निर्माण किस आधार पर हो रहे हैं ? मंच के सलाहकार आरपी खेतान ने कहा कि रानीगंज काफी पुराना शहर है। इसका विकास जिस तरीके से होना चाहिए, वैसा नहीं हो रहा है। सलिल सिन्हा ने कहा कि पार्किंग का विस्तारीकरण होना चाहिए। शहर को जाममुक्त से बचाने के लिए बड़ी गाड़ियों का आवागमन रानीसायर गिरजापाड़ा बायपास से करना चाहिए। ऐसा करने से व्यवसाय का विकास होगा। उन्होंने कहा कि रानीगंज प्रवेश द्वार पर वेलकम आर्च बनाना चाहिए । मौके पर उत्तम मंडल, विद्युत पांडेय आदि उपस्थित थे।

SCROLL FOR NEXT